
रायपुर। उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर रायपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ऐसा प्रदेश है जहां के मुख्यमंत्री खुद डॉक्टर है लेकिन प्रदेश की जनता को उन्होंने बीमार कर दिया है। 21 राज्यों का सर्वे आया जिसमें छत्तीसगढ़ 20वें स्थान पर रहा, ये इसका दुर्भाग्य है।
उन्होंने कहा कि रमन सिंह काबिल डॉक्टर नहीं है। यहां की स्वास्थ्य सेवा को उन्होंने तहस नहस कर दिया। छत्तीसगढ़ की जनता गरीब है और गरीबों के लिए यहां नि:शुल्क कैंसर का अस्पताल बनाया गया था लेकिन वहां उपचार होता नहीं और गरीब दर-दर भटकते रहते हैं।
सरकारी अस्पतालों का हालात ये है कि महिलाएं नसबंदी कराती हैं तो उन्हें मौत मिलती है। आंखों का ऑपरेशन होता है तो आदमी अंधा हो जाता है। यहां 170 लोगों की किडनी फेल हो जाती है और स्वास्थ्य मंत्री कहते हैं कि किडनी फेल नहीं हुई है, यहां की पानी प्रदूषित है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की जनता से गुहार कर रही है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश आईसीयू में है, इसे मुक्त कराइएं। राज्य के सरकारी अस्पताल में डॉ. और स्टाफ की कमी क्यों है। 1379 पदों की जरूरत है लेकिन अभी लगभग 5 सौ पद खाली है।
बस्तर में जवानों के उपचार के लिए इन 15 सालों में भी कुछ नहीं हुआ। 6 मेडिकल कॉलेजों में 621 पद खाली हैं। इन सभी पदों में रोजगार मिलता लेकिन आज तक रोजगार नहीं मिला।
यह भी देखें : डॉक्टर ने ऐसा किया प्रदेश का इलाज, आम जनता में मची त्राही-त्राही- राज बब्बर