रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा को लेकर जारी सियासी घमासान चुनाव तारीखों के नजदीक आते ही और तेज हो चला है। कांग्रेस ने रविवार को अपने 17 प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। इससे पहले कांग्रेस 18 और 37 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। कांग्रेस की अब तक जारी चारों सूची में रायपुर उत्तर और दक्षिण की सीटों की घोषणा नहीं की गई है। वहीं सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार कांग्रेस अपने बाकी प्रत्याशियों की घोषणा सोमवार शाम और रात तक कर सकती है।
कांग्रेस की आने वाली सूची में रायपुर के दो बहुप्रतीक्षित सीटों के नाम भी सामने आएंगे। ये सीट हैं रायपुर उत्तर और दक्षिण के। जहां भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही अपने प्रत्याशी अब तक घोषित नहीं किए हैं। वहीं सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार कांग्रेस एक बार फिर रायपुर उत्तर से पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा को टिकट दे सकती है। वहीं दक्षिण से रायपुर के महापौर प्रमोद दुबे का नाम भी लगभग तय माना जा रहा है।
सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार कांग्रेस की दिल्ली में हो रही बैठक में इन दोनों ही प्रत्याशियों के नाम सबसे आगे चल रहे हैं। वहीं आलाकमान भी इन दोनों की ही दावेदारी पर मुहर लगा लगाएगी, ऐसा माना जा रहा है।
वैसे भी छत्तीसगढ़ में पहले चरण के लिए 12 और दूसरे चरण के 20 नवंबर को मतदान होने हैं। पहले चरण के लिए नामांकन की सारी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, वहीं दूसरे चरण के लिए 2 नवंबर को नामांकन की आखिरी तारीख है। लिहाजा, कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियां जल्द से जल्द अपने प्रत्याशी घोषित कर चुनावी तैयारियों में जुट जाना चाहती है।
यह भी देखें : घोषणापत्र पर जनता की राय के लिए कांग्रेस ने लान्च की वेबसाइट
Add Comment