खरसिया। खरसिया विधानसभा में बड़ा सियासी उलटफेर हो गया है। विधानसभा क्षेत्र से बसपा और छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के गठबंधन के प्रत्याशी विजय जयसवाल ने कांग्रेस के रीति-नीति से प्रभावित होकर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। इससे जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) को बड़ा झटका लगा है।
छत्तीसगढ़ बसपा ने अपनी तीसरी सूची में खरसिया विधानसभा से विजय जायसवाल को मैदान में उतारा था। विजय के मैदान में उतरने से वहां मुकाबला त्रिकोणी हो गया था। कांग्रेस से वर्तमान विधायक उमेश पटेल प्रत्याशी हैं, वहीं भाजपा से कलेक्टर की नौकरी छोड़कर राजनीति में आए ओपी चौधरी उम्मीदवार हैं।
कांग्रेस, भाजपा और जनता कांग्रेस-बसपा गठबंधन के उम्मीदवार विजय जयसवाल के मैदान में आने से मुकाबला काफी रोचक हो गया था। विजय ने अब कांग्रेस को समर्थन दे दिया है इससे अब मुकाबला वहां सीधे-सीधे भाजपा और कांग्रेस में ही हो गया है।
इस अवसर पर विजय जयसवाल ने कहा कि मुझे बहुजन समाज पार्टी की ओर से मायावती ने टिकट दिया था। लेकिन अब मैं कांग्रेस का दामन थाम लिया हूं। आरएसएस के प्रत्याशी ओपी चौधरी खरसिया विधानसभा में चुनाव लडऩे के लिए आए हैं उसे हराने के लिए मैं कांग्रेस में आया हूं।
भाजपा सरकार किसान विरोधी है, शिक्षा विरोधी है, संविधान विरोधी है। आज संविधान को खुलेआम इनके नेत्रृत्व में जलाया गया। आम जनता के विरोधी सरकार खरसिया में आए मैं ऐसा नहीं चाहता। ओपी चौधरी को हराने के लिए हर प्रयास करूंगा। कांग्रेस पार्टी को विजय बनाने के लिए पूरी ताकत लगाउंगा।
यह भी देखें : BREAKING: BJP टिकिट के दावेदार जिपं सदस्य नंदलाल पर नक्सलियों ने किया घर घुसकर हमला, हालत गंभीर
Add Comment