रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी आज रायपुर पहुंचेंगे। दोपहर 2.45 बजे साइंस कॉलेज मैदान में विशाल किसान सभा के साथ ही वे कांग्रेस के चुनावी प्रचार अभियान का आगाज करेंगे। किसान सभा में प्रदेशभर के 60 हजार से अधिक किसान व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
राहुल गांधी शाम 5 बजे विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद बाकी प्रत्याशियों की टिकट को लेकर भी वे घोषणा कर सकते हैं। सूत्रों की माने तो एसपीजी ने उनके प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण करने के बाद सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कुछेक कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी है, इसमें प्रसिद्ध मां माहामाया माता मंदिर में दर्शन-पूजन का भी कार्यक्रम प्रस्तावित था।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी के लिए मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित था। एसपीजी ने मां महामाया मंदिर पहुंचकर आसपास के इलाकों की जानकारी एकत्रित की। चूंकि मंदिर पहुंच मार्ग काफी घनी आबादी के बीच है और मार्ग काफी संकरा है,
लिहाजा सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए एसपीजी ने यहां का कार्यक्रम रद्द करने की अनुशंसा की, इसके बाद श्री गांधी का मंदिर पहुंचने का कार्यक्रम रद्द हो गया है। श्री गांधी साइंस कालेज मैदान में करीब एक घंटे तक रहेंगे।
यहां आमसभा को संबोधित करेंगे, लिहाजा एसपीजी ने मैदान की सुरक्षा अपने हाथों में ले ली है। साइंस कालेज में आमसभा को संबोधित करने के बाद श्री गांधी वापस एयरपोर्ट लौट जाएंगे और यहां से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
यह भी देखें : राहुल गांधी का स्वागत करेंगे युकांई, किसान रैली में शामिल होंगे प्रदेशभर के युवा कांग्रेसी
Add Comment