रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल गांधी कल दोपहर 2.50 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे होटल जाएंगे जहां 15 मिनट के विश्राम के पश्चात वे सीधे साइंस कालेज मैदान जाएंगे।
राहुल गांधी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम तय हो चुका है। सूत्रों की माने तो एसपीजी ने उनके प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण करने के बाद सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कुछेक कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी है, इसमें प्रसिद्ध मां माहामाया माता मंदिर में दर्शन-पूजन का भी कार्यक्रम प्रस्तावित था।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी के लिए मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित था। एसपीजी ने मां महामाया मंदिर पहुंचकर आसपास के इलाकों की जानकारी एकत्रित की।
चूंकि मंदिर पहुंच मार्ग काफी घनी आबादी के बीच है और मार्ग काफी संकरा है, लिहाजा सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए एसपीजी ने यहां का कार्यक्रम रद्द करने की अनुशंसा की, इसके बाद श्री गांधी का मंदिर पहुंचने का कार्यक्रम रद्द हो गया है।
श्री गांधी साइंस कालेज मैदान में करीब एक घंटे तक रहेंगे। यहां आमसभा को संबोधित करेंगे, लिहाजा एसपीजी ने मैदान की सुरक्षा अपने हाथों में ले ली है। साइंस कालेज में आमसभा को संबोधित करने के बाद श्री गांधी वापस एयरपोर्ट लौट जाएंगे और यहां से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
यह भी देखे : छत्तीसगढ़ चुनाव : आज जारी हो सकती है कांग्रेस की दूसरी सूची
Add Comment