रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने बिलासपुर में भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2018 में ठीक 2003 जैसी स्थिति है। 2003 में जग्गी हत्याकांड हुआ था और 2018 में रिंकू खनूजा हत्याकांड हुआ है। उस समय लाठीचार्ज हुआ था और इस समय बिलासपुर के कांग्रेस भवन में लाठीचार्ज हुआ। भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में 2003 की स्थिति की पुनरावृति हो रही है।
2003 में जग्गी हत्यकांड और लाठीचार्ज हुआ था, तब भी रामदयाल उइके ने पार्टी बदली थी। अब भी कांग्रेस भवन में लाठीचार्ज और रिंकू खनूजा हत्याकांड हुआ है, तब भी रामदयाल ने पार्टी बदली है। 2000 से 2003 में खरीद फरोख्त की राजनीति का विरोध करने की बातें करने वाली भाजपा आज खुद खरीद फरोख्त में लगी है।
सोमवार को बिलासपुर में प्रेस कॉन्फेंस कर भूपेश बघेल ने कहा कि रामदयाल उइके सत्ता के स्थाई विपक्षी है। अब चुनाव के बाद वे फिर एक बार विपक्ष में होंगे, क्योंकि कांग्रेस इस बार चुनाव जीत रही है। रामदयाल उइके का भाजपा में जाना, प्रदेश की जनता पर और कांग्रेस पर ईश्वर की कृपा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बघेल सोमवार को कांग्रेस भवन में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। दो दिन पहले जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे के सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने बयान दिया था कि उइके दो दिन से उनके संपर्क में थे।
इसके क्या मायने हैं के सवाल पर उन्होंने कहा कि उइके, जोगी के लिए मरवाही सीट खाली कर भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए थे। अब उनके कहने पर ही वे भाजपा में गए हैं। इससे साफ हो गया है कि जोगी कांग्रेस भाजपा की बी पार्टी है। जोगी कांग्रेस और भाजपा की मिलीभगत भी उजागर हो गई है।
एक सवाल के जवाब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कहा कि उइके लगातार कांग्रेस के कार्यक्रमों में भाग ले रहे थे। भरे मंच से रामदयाल उइके भाजपा के खिलाफ लगातार बोलते रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया है। प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष का पद अपने आप में बड़ा पद है।
प्रदेश के नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की बात नहीं सुनते संबंधी उइके के आरोप के जवाब में भूपेश बघेल ने कहा कि राहुल गांधी के हरेक निर्देश का पालन किया जाता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने अब तक कोई मोनोपली नहीं चलाई है। मेरे कार्यकाल में कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर रहे हैं। टिकट वितरण में विलंब के सवाल पर उन्होंने कहा कि सारी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सीईसी की भी बैठक हो चुकी है। जल्द ही टिकट की घोषणा कर दी जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने आगे कहा कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से बात चल रही है। अभी फैसला नहीं हुआ है। इसके बाद रामदयाल उइके पर लगातार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रामदयाल उइके जहां जाते हैं वो पार्टी विपक्षी हो जाती है।
एक सवाल के जवाब में कहा कि जब रामदयाल उइके जोगी से बात करके आते जाते हैं तो साफ है कि अजीत जोगी डॉ. रमन सिंह के मददगार हैं। भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री रमन सिंह के सीट बदलकर चुनाव लडऩे पर कहा कि वो चुनाव में सीट बदलते रहते हैं।
यह भी देखें : विस चुनाव: छत्तीसगढ़ के प्रथम चरण के 18 विधानसभा सीटों के लिए अधिसूचना जारी, आज से जमा कर सकते हैं नामांकन
Add Comment