विधानसभा चुनाव : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 12-13 को छत्तीसगढ़ दौरे पर, बस्तर को साधने कार्यकर्ताओं से करेंगे सीधा संवाद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चुनाव की तारीख तय होते ही सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियां मतदाताओं को साधने जोर आजमाइश में लगी हुई है। छत्तीसगढ़ में पहले चरण में 18 सीटों पर चुनाव होगा। लिहाजा राजनैतिक पार्टियां फिलहाल पहले चरण के चुनावों पर ही पूरा फोकस कर रही हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी संभवत: 12 अक्टूबर को डोंगरगढ़ से चुनाव अभियान की शुरूआत कर सकते हैं। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह 12 और 13 अक्टूबर को प्रदेश के पांच संभागों के बूथ कार्यकर्ताओं से अंबिकापुर, बिलासपुर, जगदलपुर और रायपुर में रू-ब-रू होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक सोमवार को दुर्ग तथा महामंत्री संतोष पाण्डेय व उपाध्यक्ष सुनील सोनी जगदलपुर के दौरे पर हैं।
मिशन 65 प्लस का लक्ष्य लेकर चल रही भाजपा ने इस बार बूथों की मजबूती पर फोकस किया है। पार्टी के प्रदेश कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि अपने दो दिनों के प्रवास में राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह प्रदेश के कुल 23,632 बूथों के कार्यकर्ताओं से सीधे चर्चा करेंगे। 12 अक्टूबर को अंबिकापुर में सरगुजा और बिलासपुर में बिलासपुर संभाग के बूथ कार्यकर्ताओं का सम्मेलन होगा। अगले दिन 13 अक्टूबर को सुबह शाह बस्तर संभाग के कार्यकर्ताओं से जगदलपुर में रू-ब-रू होंगे और इसी दिन दोपहर दो बजे रायपुर में रायपुर व दुर्ग संभाग के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में शाह शिरकत करेंगे।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि शाह के दो दिवसीय प्रवास में अधिकाधिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने सोमवार को दुर्ग संभाग पहुंचकर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए। इधर पार्टी के प्रदेश महामंत्री संतोष पाण्डेय व उपाध्यक्ष सुनील सोनी ने जगदलपुर पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेकर सम्मेलन की सफलतार्थ जरूरी निर्देश दिए।