सियासत

बदलेगा राज्यसभा में गणित, 55 सदस्य का होगा कार्यकाल समाप्त

दिल्ली। राज्यसभा में भाजपा के पास बहुमत नहीं है, लेकिन आने वाले अप्रैल से तस्वीर बदल सकती है, क्योंकि अप्रैल में 55 सदस्य का कार्यकाल खत्म हो रहा है। वही 27 जनवरी को कांग्रेस के तीन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। अप्रैल में जिनका कार्यकाल पूरा होगा उनमें केन्द्रीय मंत्री अरुण जेटली, जेपी नड्डा, रविशंकर प्रसाद, प्रकाश जावड़ेकर सहित कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, राजीव शुक्ला, रेणुका चौधरी और मनोनीत सदस्य रेखा, सचिन तेंदुलकर जैसे बड़े नाम शामिल हैं। अप्रैल में भाजपा के 17, कांग्रेस के 12, समाजवादी पार्टी के छह, बसपा, शिवसेना, माकपा के एक-एक, जदयू, तृणमूल कांग्रेस के 3-3, तेदेपा, राकांपा, बीजद के 2-2 निर्दलीय तथा मनोनीत तीन सदस्य का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। भाजपा इस बार उत्तर प्रदेश से अपनी सीटों की संख्या में बढ़ोतरी करेगी, जबकि कांग्रेस को गुजरात और महाराष्ट्र से सीट मिलेंगी। गुजरात से रिटायर हो रहे चार सदस्यों में से दो की सीटें कांग्रेस को मिलने की उम्मीद है, जबकि महाराष्ट्र के दो सदस्यों में से एक को वह वापस ला पाएगी। इस महीने कांग्रेस के जनार्दन द्विवेदी, परवेज हाशमी और डॉ. कर्ण सिंह का कार्यकाल खत्म हो रहा है। तीनों राज्यसभा में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं। इनकी जगह अब आप के तीन सदस्य रास में बैठेंगे। फरवरी माह में सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट के हिशे लाचुंगपा 23 तारीख को सेवानिवृत्त होंगे। अप्रैल माह में उच्च सदन में 55 सदस्यों का कार्यकाल पूरा होगा। जिनका कार्यकाल पूरा हो रहा है उनमें सपा के नरेश अग्रवाल, जया बच्चन, किरणमय नंदा, बसपा के मुनकाद अली, कांग्रेस के शादीलाल बत्रा, सत्यव्रत चतुर्वेदी, डॉ के चिरंजीवी, रेणुका चौधरी, रहमान खान, रजनी पाटिल, राजीव शुक्ला, प्रमोद तिवारी, नरेन्द्र बुढ़ानिया व अभिषेक मनु सिंघवी जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं. इसी महीने में जदयू के डॉ. महेन्द्र प्रसाद, अनिल कुमार सहानी, वशिष्ठ नारायण सिंह, निर्दलीय चन्द्रशेखर और एवी स्वामी, राकांपा की वंदना चव्हाण, डीपी त्रिपाठी, शिवसेना के अनिल देसाई, भाजपा के एल गणेशन, थावरचंद गहलोत, मेघराज जैन, अरुण जेटली, मनसुख लाल मंडाविया, जे पी नड्डा, भूषणलाल जांगिड़, प्रकाश जावड़ेकर, विनय कटियार, बसवाराज पाटिल, धमेन्द्र प्रधान, रविशंकर प्रसाद, रंगासायी रामकृष्णन, पुरूषोत्तम रूपाला, अजय संचेती, शंकरभाई एन वेंगड़, भूपेन्द्र यादव तृणमूल कांग्रेस के कुणाल कुमार घोष, विवेक गुप्ता, नदीम उल हक, तेलुगु देशम पार्टी के देवेन्द्र टी गौड़, सी एम रमेश, माकपा के तपन कुमार सेन, बीजद के यू सिंह देव, दिलीप तिकी तथा मनोनीत अनु आगा, रेखा और सचिन तेंदुलकर शामिल हैं।

Back to top button
close