बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज सुबह पुलिस व नक्सलियों के मध्य हुई मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने मौके से बंदूक एवं बम बरामद किया है। इधर दंतेवाड़ा जिले में हुयी मुठभेड़ में भी नक्सली भाग खड़े हुए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आज सुबह पामेड़ थाने से पुलिस का संयुक्त बल गश्त सर्चिंग के लिए रवाना हुआ था। ग्राम रासपल्ली एवं एरापल्ली के मध्य घात लगाए नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में फौरन मोर्चा संभालते हुए पुलिस बल ने भी गोलीबारी की। लगभग एक घंटे तक हुई गोलीबारी के बाद अंतत: नक्सली घने जंगल की आड़ लेकर भाग गए। मुठभेड़ में कोई हताहत नहीं हुआ है।
मुठभेड़ स्थल से 2 भरमार, 1 पाइप बम, 1 कुकर बम समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद किया गया।
इधर दंतेवाड़ा जिले में कल शाम साढ़े पांच बजे के करीब हथियारबंद नक्सली डिपोजिट-5 के करीब पहुंचे थे, लेकिन सतर्क केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों की मौजूदगी से उन्हें वापस लौटना पड़ा। सूत्रों के मुताबिक 8-10 नक्सलियों ने डिपोजिट-5 की ओर बढ़ते वहां तैनात जवानों पर फायरिंग की।
जवाबी कार्रवाई में नक्सली वापस पहाड़ी की ओर भाग निकले। बताया जा रहा है कि करीब 10-15 मिनट तक दोनों ओर से रूक-रूककर फायरिंग हुई है। इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ज्ञात हो कि नक्सली 21 से 27 सितंबर तक स्थापना सप्ताह मनाने का ऐलान किया। इस संबंध में पड़ोसी जिलों में बैनर-पर्चा भी फेंका था। जानकारों के मुताबिक नक्सली स्थपना सप्ताह के दौरान मारे गए अपने साथियों की याद में नाच-गाना सहित वारदात को अंजाम देते हैं।
यह भी देखें : छत्तीसगढ़ : PM नरेद्र मोदी की सुरक्षा में पांच हजार जवान तैनात, जांजगीर-चांपा छावनी में तब्दील
Add Comment