रायपुर। बिलासपुर में हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार शाम कांग्रेसियों ने मंत्री अमर अग्रवाल का घेराव करने कांग्रेस भवन से निकले। रैली की शक्ल में निकले कांग्रेसी नारेबाजी करते हुए पहले तो नगर निगम पहुंचे और वहां जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री अमर अग्रवाल के निवास का घेराव करने आगे बढ़े, लेकिन पुलिस ने इन प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों को ओसीएम चौक के पास ही रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों ने जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी करने लगे। इसके बाद पुलिस प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की झूमाझटकी भी हुई।
प्रदर्शन के दौरान मौजूद कांग्रेसी पार्षद अजीत कुकरेजा ने कहा कि बिलासपुर कांग्रेस भवन में घुसकर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है। पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज से प्रदेश के समस्त कांग्रेसियों में जबरदस्त आक्रोश है।
उल्लेखनीय है कि बिलासपुर में मंत्री अमर अग्रवाल के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों पर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया था। इसके बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई और कांग्रेस द्वारा विरोध-प्रदर्शन का दौर शुरू कर दिया। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर में भी मंत्री अमर अग्रवाल के निवास का घेराव करने सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी निकले थे, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए और गिरफ्तार हो गए।
यह भी देखें : बड़ी खबर: Janta Congress-BSP में गठबंधन, मायावती ने कहा: सरकार बनी तो अजित जोगी होंगे CM, 55 और 35 सीटों पर सहमति
Add Comment