रायपुर। बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा अब पूरी तरह से गरमा गया है। लाठीचार्ज के विरोध में आज कांग्रेसजनों ने बूढ़ापारा में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का पुतला फूंका और दोषी पुलिस अधिकारियों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए बर्खास्त करने की मांग की। वहीं पीसीसी चीफ ने दिल्ली पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को घटना की पूरी जानकारी दी है।
बिलासपुर के कांग्रेस भवन में घुसकर पुलिस ने जिस बर्बरता से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पिटाई की है, उसकी अब चौतरफा निंदा शुरू हो गई है। जानकारों की माने तो यह संभवत: राज्य में पहला मामला है, जब पुलिस ने किसी राजनीतिक पार्टी के कार्यालय में घुसकर कार्यकर्ताओं की बेरहमी से पिटाई की है।
कांग्रेसजनों को कचरा कहे जाने पर भडक़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कल मंत्री अमर अग्रवाल के निवास में पहुंचकर कचरा फेंका था। इसके बाद वापस लौटे कांग्रेसियों को पुलिस ने कांग्रेस भवन में घेर लिया। कांग्रेस भवन में घुसकर कांग्रेसियों की जिस तरह से पिटाई हुई है, इसमें दर्जनों कांग्रेसी बुरी तरह से घायल हो गए हैं।
पुलिस लाठीचार्ज के कई वीडियो भी वायरल हो चुके हैं। इसमें पुलिस की बर्बरता स्पष्ट नजर आ रही है, घायल हो चुके और जमीन पर गिर चुके कार्यकर्ताओं को भी बेरहमी से पीटा जा रहा है।
विरोध में आज राज्य भर में पुतला दहन :
इधर बिलासपुर में कांग्रेसजनों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में पीसीसी के निर्देश पर आज राज्य भर में मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह का पुतला दहन किया जा रहा है। राजधानी रायपुर में भी लाठीचार्ज का जोरदार विरोध किया जा रहा है। आज अलग-अलग समूहों में पहुंचे कांग्रेसजनों ने बूढ़ापारा में एकत्रित होकर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
कांग्रेसजनों के पुतला दहन की घोषणा के बाद से ही बूढ़ापारा में वर्दीधारियों की तैनाती हो गई थी। लेकिन कांग्रेसजनों ने भी पुलिस को छकाने का पूरा इंतजाम कर लिया था। कांग्रेसजनों ने बूढ़ापारा तालाब के पास एक स्थान पर पुतला दहन शुरू किया तो पुलिस ने इसे रोकने के लिए पूरी ताकत लगा दी।
कांग्रेसजनों और पुलिस के बीच करीब आधे घंटे तक धक्कामुक्की होती रही। इस बीच कुछ कांग्रेसजनों ने दूसरे स्थान पर पुतला फूंक दिया, यह देख पुलिस दूसरी ओर दौड़ी, लेकिन तब तक पुतला जलाया जा चुका था।
राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी :
पुतला दहन के साथ ही कांग्रेसजनों ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेसजनों ने एकस्वर में कहा कि यह तानाशाही रवैया है। लाठीचार्ज पूरी तरह से गलत है, पुलिस चाहती तो कांग्रेसजनों को मंत्री निवास के पास से ही गिरफ्तार कर लिया जाता, इससे शांति व्यवस्था भी बनी रहती।
लेकिन पुलिस ने ऊपर से मिले इशारे के बाद कांग्रेस भवन में बलात प्रवेश कर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया है, जो कि पूरी तरह से गलत है। इस मामले में जब तक दोषी पुलिस अफसर और कर्मचारियों के विरुद्ध बर्खास्तगी की कार्यवाही नहीं होगी, कांग्रेसजनों का विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा।
दिल्ली पहुंचकर भूपेश ने दी मामले की जानकारी :
इधर बिलासपुर में हुए लाठीचार्ज के मुद्दे पर पीसीसी प्रमुख भूपेश बघेल ने कल दिल्ली पहुंचकर पार्टी के आलाकमान को पूरी घटना की जानकारी दी है। श्री बघेल आज शाम तक वापस राजधानी लौट आएंगे।
इधर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसे बर्बरतापूर्ण कार्यवाही करार देते हुए कहा कि भाजपाराज में तानाशाही एक पेशा बन चुका है, जनता सब देख रही है और इस घटना को सियासी जुल्म के रूप में याद रखेगी।
यह भी देखे : बिलासपुर में हुई घटना की जांच, दोषियों पर होगी कार्यवाही– CM
Add Comment