
चंद्रकांत पारगीर, बैकुंठपुर। कोरिया के दो दिवसीय प्रवास पर जनसंवाद कार्यक्रम के तहत कोरिया पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री व पूर्व सांसद डॉ चरणदास महंत पूरे दिन चिरमिरी नगर निगम में हर वर्ग के लोगों से संवाद जारी रखा। वहीं पत्रकारों से चर्चा में पर्चा कांड पर कहा कि नेता प्रतिपक्ष और उनके बीच ऐसा करके मनमुटाव पैदा करने की कोशिश की गई है। जबकि कांग्रेस एकजुट है।
रविवार को पूर्व सांसद डॉ महंत कोरिया जिले के चिरमिरी नगर निगम पहुंचे। तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार पूरे दिन वे हर वर्ग के लोगों से मिलते रहे, लोग भी आगे होकर उनसे मिलने पहुंचे। कई जगह पर लोग उनसे अपनी समस्याओं के साथ उसके हल के प्रयास की भी गुजारिश करते दिखे। लोगों ने बताया कि यहां की सबसे बड़ी समस्या विस्थापन की है। कॉलरी प्रबंधन किसी तरह से उनकी बात सुनने को तैयार नही है। आगे चिरमिरी के भविष्य को लेकर लोगों ने अपनी चिंता व्यक्त की। वहीं डॉ महंत ने कहा कि अभी तक मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कोरिया जिले को गोद ले रखा है। यही कारण है कि लोगों को उनकी समस्याओं के लिए यहां वहां भटकना पड़ रहा है। सरकार को यहां के लोगों की तनिक भी चिंता नही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आएगी तो चिरमिरी को पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा, लोगों को छोटे और मझोले उद्योग से जोड़ा जाएगा। एसईसीएल की भूमि और राजस्व भूमि की जांच की जाएगी। लोगों को उनका वाजिब हक मिले इस पर पूरा जोर दिया जाएगा।
पर्चा कांड पर उन्होंने कहा कि ऐसे लोग नेता प्रतिपक्ष और मेरे को लेकर मनमुटाव पैदा करने वाले थे, पर कांग्रेस में ऐसा नही है। हम सब एक साथ कांग्रेस को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं और आगे भी करेंगे। इसके अलावा गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और बसपा से बात चल रही है, दोनों पार्टी भी भाजपा से अपनी दूरी बनाए हुए है। आगे देखिए दोनो पार्टियों के साथ क्या होता है। इधर चिरमिरी के बाद डॉ महंत बैकुंठपुर में रात्रि विश्राम करेंगे और सोमवार को पूरे दिन वो हर वर्ग के लोगों से संवाद करेंगे।
यह भी देखे : CM, सांसद, विधायक BJP के लिए काटेंगे चंदा, अभियान शुरु