छत्तीसगढ़

फिर गिरी बिजली, 3 की मौत… साप्ताहिक बाजार में हादसा, मृतकों में 11 साल का बच्चा भी शामिल… 2 गंभीर रूप से झुलसे…

छत्तीसगढ़ के जशपुर में एक बार फिर आकाशीय बिजली ने लोगों की जान ले ली है। इस बार फिर साप्ताहिक बाजार में बिजली गिरी। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 11 साल का बच्चा भी शामिल है। 2 लोग गंभीर रूप से झु़लस गए हैं। उन्हें सन्ना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक महीने में यह दूसरी घटना है, जब बिजली गिरने से तीन लोगों को जान गंवानी पड़ी है। मामला सन्ना थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, जिले में सुबह से तेज धूप निकली थी। दोपहर में अचानक मौसम में बदलाव आ गया और तेज आवाज के साथ बारिश होने लगी। इसी दौरान जोर से बिजली कड़की और डांड के साप्ताहिक बाजार में जा गिरी। बिजली गिरते ही बाजार में हड़कंप मच गया और भगदड़ शुरू हो गई। कुछ देर बाद लोगों ने देखा तो सड़क पर 5 लोग बेसुध पड़े थे। इस पर पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

जिला प्रशासन की ओर से टीम भेजी गई
पुलिस सभी झुलसे हुए लोगों को सन्ना के अस्पताल पहुंची। वहां डॉक्टरों ने कवई के मधुपुर निवासी संजू राम (11) पुत्र बिगु राम, ग्राम बम्हनी निवासी भीखना राम (23) पुत्र संतरु और बगीचा निवासी विजय मिंज (56) को मृत घोषित कर दिया। अन्य दो लोगों को उपचार अस्पताल में चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस शवों को पंचनामा भरकर कार्रवाई कर रही है। वहीं प्रशासन की ओर से टीम भेजी गई है।

पहले भी साप्ताहिक बाजार में बिजली गिरी थी
करीब एक माह पहले भी जशपुर के सुलेसा के नजदीक ग्राम बुरजूडीह में लगे साप्ताहिक बाजार में शाम को आकाशीय बिजली गिरी थी। इसमें 25 से 30 लोग झुलस गए थे। जबकि 12 साल की बच्ची सहित 3 लोगों की मौत हुई थी। इनमें से 7 गंभीर रूप से झुलसे लोगों को अंबिकापुर रेफर किया गया था। इसमें दो दो बच्चियों का शरीर 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गया था। तब मुख्यमंत्री ने मुआवजे की घोषणा भी की थी।

Back to top button
close