भाजपा अजा-अजजा मोर्चा की बैठक में शामिल हुए छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ से राज्य सभा सांसद रामविचार नेताम उत्तर प्रदेश के संगठन प्रवास पर है। वे लखनऊ के प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित उत्तर प्रदेश अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष की बैठक में शामिल हुए।
बैठक में नेताम ने प्रदेश में मोर्चा विस्तार से लेकर केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क कार्यक्रम जैसे विषयों पर चर्चा की। साथ ही साथ उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों के हित में लिए गए अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार रोकथाम) कानून को बहाल करने वाला विधेयक को संसद में लाकर उसे पारित कराने वाले ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान श्री नेताम ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा की देश में कुछ अराजकतावादी तत्वों द्वारा हमारी सरकार के प्रति नकारात्मक एवं कुप्रचार किया जा रहा था, लेकिन सरकार द्वारा लिया गया यह निर्णय उनके मुंह पर करारा तमाचा है, इस निर्णय से यह सिद्ध हो गया है कि हमारी सरकार दलित हितेषी सरकार है और सबका साथ सबका विकास की नीति के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय को प्रदेश में रह रहे जनजाति समाज के लोगों तक पहुंचाने हेतु पदाधिकारियों को बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्देश दिया है। बैठक में उत्तर प्रदेश भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामधनी गोंड, ओबरा विधानसभा विधायक डॉ संजीव कुमार, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति मोर्चा के स्वच्छ भारत समिति के सह संयोजक दीपक गोंड समेत अन्य पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
यह भी देखें : राजधानी में सेंट्रल स्कूल के टीचर की दिनदहाड़े हत्या
Add Comment