रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए देश के सर्वश्रेष्ठ कृषि विश्वविद्यालयों में 12वां स्थान प्राप्त किया है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के कृषि शिक्षा विभाग द्वारा वर्ष 2017-18 हेतु जारी कृषि विश्वविद्यालयों एवं कृषि शिक्षा संस्थानों की रैंकिंग सूची में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर 12वें स्थान पर है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा यह रैंकिंग कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रसार के क्षेत्र में विश्वविद्यालय द्वारा किये गये कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर जारी की जाती है।
उल्लेखनीय है कि इस रैंकिंग सूची में पिछले वर्ष इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय 17वें स्थान पर था। रैंकिंग के मामले में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने देश के कई नामी-गिरामी विश्वविद्यालयों को पीछे छोड़ यह मुकाम हासिल किया है। भारतीय कृषि अनुसन्धान परिषद् नई दिल्ली के कृषि शिक्षा डिविजन द्वारा वर्ष 2017-18 हेतु देश के 63 कृषि विश्वविद्यालयों की रैंकिंग सूची हाल ही में जारी की गई है।
ज्ञातव्य हो कि वर्तमान में देश भर में 72 कृषि विश्वविद्यालय संचालित किये जा रहे हैं जिसमें से मात्र 63 कृषि विश्वविद्यालयों की रैंकिंग की गई है। उल्लेखनीय है कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर की स्थापना 20 जनवरी 1987 को हुई थी। अल्पकाल में ही विश्वविद्यालय अपने सीमित संसाधनों के साथ देश के अनेकों पुराने एवं संसाधनयुक्त कृषि विश्वविद्यालयों की तुलना में सूची में अच्छा रैंक प्राप्त किया है। पिछले कुछ वर्षो में कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रसार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों हेतु विश्वविद्यालय को यह रैंक प्राप्त हुआ है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके. पाटिल ने इस उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों, प्राध्यापकों एवं समस्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि विश्वविद्यालय आने वाले वर्षों में देश के टॉप-10 विश्वविद्यालयों की सूची में शामिल होगा।
यह भी देखे : EXCLUSIVE: छत्तीसगढ़ की चुनावी रणनीति बनेगी भोपाल के बंगला नंबर B-12 में, अमित शाह संभालेंगे कमान
Add Comment