छत्तीसगढ़सियासत

नारों से कांग्रेस बताएंगी अपना एजेंडा और भाजपा सरकार की नाकामी, बिजली बिल हाफ, किसानों का कर्जा माफ…

रायपुर। चुनावी साल में कांग्रेस ने बिगुल फूंक दिया है। पार्टी ने नारों की लंबी फेहरिस्त तैयार की है, जिसके सहारे वे लोगों को यह बताएंगे कि रमन सरकार का कार्यकाल नाकाम रहा है। कांग्रेस ने जो नारे जारी किए है उनका इस्तेमाल शुरु कर दिया है। चुनाव के करीब आने के साथ ही पार्टी और नारे बनाकर लोगों को भाजपा सरकार की नाकामियों से अवगत कराएगी। इसके अलावा जो नारे जारी किए जाएंगे उसमें कांग्रेस पार्टी का एजेंडा भी होगा कि वे छत्तीसगढ़ की जनता के लिए क्या करेंगे। अभी जो नारे जारी किए गए है उसमें प्रमुख रुप से किसानों को लक्ष्य किया गया है। एक नारा जो कांग्रेस ने बनाया है उसमें कहा गया है कि हम देंगे हर साल पूरा-पूरा बोनस। सरकारी अस्पतालों को लेकर भी कांग्रेस ने नारा बनाया है, जिसमें कहा गया है कि सरकारी अस्पतालों का स्तर होगा सबसे बेहतर। युवाओं को भी टारगेट करते हुए कांग्रेस ने नारा जारी किया है कि झूठे वादे नहीं रोजगार देंगे, युवाओं को उनका अधिकार देंगे।



आम लोगों को सीधे प्रभावित करने वाले बिजली बिल को भी कांग्रेस ने अपने एजेंडे में शामिल किया है। पार्टी द्वारा एक नारा जारी किया गया है, जिसमें लिखा है कि बिजली का बिल हाफ, किसानों का कर्जा माफ, सरकारी स्कूलों को चमकाएंगे, पहले से अच्छा बनाएंगे। कांग्रेस ने कई और नारे भी बनाए है, जिनको लेकर वे चुनावी साल में लोगों के पास जाएंगे। इनमें परिवर्तन ही संकल्प, कांग्रेस की विकल्प। बदलेंगे छत्तीसगढ़, कांग्रेस के साथ। वक्त है बदलाव का। छत्तीसगढ़ के चार चिन्हारी, नरवा, गरुवा, घुरुवा, नारी, गांव ला बचाना है संगवारी, कांग्रेस सरकार लाबो ए दारी शामिल है। इस संबंध में अध्यक्ष संचार विभाग शैलेश नीतिन त्रिवेदी का कहना है कि कांग्रेस नारों के जरिए अपना एजेंडा बता रही। वह नारों के जरिए लोगों को यह बताने का प्रयास भी करेगी की राज्य में सालों से काबिज भाजपा सरकार ने उनके साथ छलावा किया है। कांग्रेस ही प्रदेश में एक बेहतर विकल्प है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी और नारे जारी करेगी, जिनका इस्तेमाल चुनाव के समय किया जाएगा।

यह भी देखे – EXCLUSIVE VIDEO: उद्यानिकी विभाग के कर्मचारियों ने किया दफ्तर में जमकर प्रदर्शन, नारेबाजी

Back to top button
close