रायपुर। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के चार जिला अध्यक्ष अपने पद से इस्तीफा देकर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। बताया जाता है कि इनमें रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष विकास उपाध्याय, धमतरी के लेखराज साहू, राजनांदगांव के नवाज खान और बेमेतरा के आशीष छाबड़ा का नाम सबसे आगे चल रहा है। कांग्रेस सूत्रों की माने तो ये चारों जिला अध्यक्ष विधानसभा चुनाव लडऩे के इच्छुक हैं।
कांग्रेस के बड़े नेताओं ने काफी पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि संगठन में पदाधिकारी बने लोग यदि चुनाव लडऩे के इच्छुक होंगे तो उन्हें संगठन से मिले पद को छोडऩा होगा, ताकि अन्य सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी संगठन में महत्वपूर्ण जवाबदारी मिल सके और वे संगठन के लिए बेहतर काम कर सकें। ज्ञात हो कि कल ही कांग्रेस भवन में हुई बैठक में पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल ने स्पष्ट कहा कि जो ब्लॉक व जिलाध्यक्ष यदि चुनाव लडऩे के इच्छुक हैं तो वे अपने पद से इस्तीफा दे दें। उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद चुनाव लड़ेंगे या नहीं यह भी अभी तय नहीं है। इसका फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। इसके बाद से उन जिलाध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्षों में खलबली मची हुई है जो विधानसभा चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे हैं।
इधर सूत्रों की माने तो रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष विकास उपाध्याय 2013 के विधानसभा चुनाव में रायपुर उत्तर से चुनाव लड़ चुके हैं। वे लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत के खिलाफ चुनाव समर में उतरे थे, जहां उन्होंने श्री मूणत को कड़ी टक्कर दी थी। वहीं लेखराम साहू भी पिछले विधानसभा चुनाव में मौजूदा पंचायत मंत्री अजय चंद्राकर के खिलाफ चुनाव लड़े थे जिसमें उनकी पराजय हुई थी। हालांकि इसके पहले चुनाव में लेखराम साहू ने अजय चंद्राकर को हराया था। वे जिला अभी धमतरी के जिला कांग्रेस अध्यक्ष है। लिहाजा इस बार भी विधानसभा चुनाव लडऩे की पूरी तैयारी में हैं।
वहीं हाल ही राजनांदगांव के कांग्रेस जिलाध्यक्ष बने नवाज खान भी विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी पेश करने की तैयारी में है। चूंकि चुनाव लडऩे के लिए जिलाध्यक्ष पद छोडऩा जरूरी है, लिहाजा ये पदाधिकारी अब पद छोड़ सकते हैं। इसी तरह बेमेतरा के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष आशीष बजाज भी बेमेतरा जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर विधानसभा चुनाव टिकट के लिए दावेदारी कर सकते हैं।
यहाँ भी देखे : पुलिस लाइन में लाइब्रेरी, आईजी के निर्देश पर सभी पुलिस लाइनों में खुलेगा पुस्तकालय
Add Comment