रायपुर। शिक्षक पंचायत ननि मोर्चा के प्रांतीय संचालक विरेन्द्र दुबे और केदार जैन मोर्चा के अन्य पदाधिकारियों के साथ कवर्धा पहुंचे। यहां पर उन्होंने स्थानीय मोर्चा के पदाधिकारियों की अहम बैठक ली और प्रांतीय गतिविधियों से अवगत कराया। संविलियन को लेकर जिले के शिक्षाकर्मियों को मोर्चा की आगामी रणनीतियों के विषय में भी जानकारी प्रदान की गई। बैठक पश्चात सांसद अभिषेक सिंह से सौजन्य भेंट करते हुए मोर्चा संचालकों ने प्रमुख मांगों को रखी और जल्द निराकरण की मांग की। इन मांगों में वर्ष बंधन हटाकर सबका वेतन विसंगति दूर करते हुए संविलियन किया जाए, क्रमोन्नति, अनुकम्पा नियुक्ति, खुला स्थानांतरण नीति, अप्रशिक्षित शिक्षाकर्मियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था, चिकित्सा, गृह समेत शासकीय कर्मचारियों को मिलने वाले समस्त लाभों को प्रदान करने जैसी मांगें शामिल है। इस पर सांसद अभिषेक सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री जी जल्द ही इन समस्याओं पर निर्णय लेने वाले हैं, आपकी समस्याओं के समाधान के रास्ते निकाले जा चुके हैं।
प्रदेश संचालक विरेन्द्र दुबे ने मोर्चा पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमने वर्ष बन्धन हटाकर वेतन विसंगति दूर करते हुए सबका संविलियन करने की मांग रखी है। कमेटी की रिपोर्ट भी अब सौंपी जा चुकी है, सांसद अभिषेक सिंह ने भी आश्वस्त किया है, अत: मुख्यमंत्री जल्द ही संविलियन की सौगात पूरे प्रदेश को दें। प्रदेश संचालक केदार जैन ने कहा कि अब निर्णायक दौर में हैं, संविलियन सहित मोर्चा के 9 सूत्रीय मांगों की प्राप्ति हेतु हरसंभव प्रयास हमें जारी रखना है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी जितेंद्र शर्मा और कवर्धा जिला संचालक शिवेंद्र चंद्रवंशी ने बताया कि बैठक में जिले के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और शिक्षाकर्मी सम्मलित हुए। प्रांतीय संचालकों के उद्बोधन ने सभी शिक्षाकर्मियों में नई ऊर्जा का संचार किया और मोर्चा के आगामी रणनीति में पूरे उत्साह के साथ शामिल होने का संकल्प लिया। प्रदेश प्रवक्ता गजराज सिंह ने बताया कि आज के इस बैठक में मोर्चा उपसंचालक धर्मेश शर्मा, ओमप्रकाश बघेल ने भी सभा को संबोधित किया, सभा में भानु डहरिया, ताराचन्द जायसवाल, संतोष शर्मा, अब्दुल आसिफ खान, कार्तिक गायकवाड़ एवं कवर्धा जिले के मोर्चा संचालक सम्मलित थे।
यहाँ भी देखे : राहुल गांधी से मिले छत्तीसगढ़ के आदिवासी नेता, आदिवासी कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष
Add Comment