छत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

जगदलपुर: लखेश्वर के समर्थकों ने दूसरे दिन भी किया चक्काजाम…मंत्री नहीं बनाने से हैं नाराज…

जगदलपुर। बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल को मंत्री नहीं बनाने से नाराज कार्यकर्ताओं का आक्रोश कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कार्यकर्ता लगातार दूसरे दिन सड़क पर उतर कर आंदोलन किया।
गुरुवार को विधायक के गृह ब्लॉक बकावंड के दर्जनों कांग्रेसियों ने मुख्यालय में चक्काजाम कर दिया।

समर्थकों ने लगभग सवा घंटे से अधिक समय तक बकावंड-करपावंड-जैतगिरी मार्ग को बाधित कर खूब नारेबाजी की। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। कांग्रेसियों का कहना था कि लखेश्वर बघेल को मंत्री नहीं बनाकर बस्तर के साथ अन्याय किया गया है। इसका परिणाम आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को भुगतना पड़ सकता है।



वरिष्ठ नेता पूर्व जनपद अध्यक्ष रैमति कश्यप, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिव राम बिसाई व जगमोहन बघेल का कहना था कि लखेश्वर बघेल के साथ अन्याय किया गया है। वे मंत्री के प्रबल दावेदार थे। बघेल जिला पंचायत के अध्यक्ष व 12 साल तक जिला कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पिछले विधानसभा में वे कांग्रेस विधायक दल के मुख्य सचेतक थे। उनकी अनदेखी की गई है।

बुधवार को बस्तर ब्लॉक मुख्यालय में भी कांग्रेसियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 30 को करीब आधे घंटे तक बाधित कर अपना गुस्सा जाहिर किया था। आने वाले दिनों में लखेश्वर को मंत्री बनाने की मांग कर रहे कांग्रेसी रायपुर और दिल्ली जाकर भी आवाज बुलंद करने की योजना बना रहे हैं।

यह भी देखें : जोगी का भूपेश पर हमला…दस दिनों में ही दिखा दिया कि सरकार की कर्ज माफी नीति और नियत दोनों में खोट… 

Back to top button