बेंगलुरु/नई दिल्ली। एचडी कुमार स्वामी ने बुधवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं कांग्रेस के जी. परमेश्वर ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान मंच पर विपक्षी एकजुटता की तस्वीर भी देखने को मिली. मंच पर यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री और एचडी कुमारस्वामी के पिता एचडी देवेगौड़ा, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बसपा प्रमुख मायवती और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी नजर आए।
इनके अलावा बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, राष्ट्रीय लोक दल के प्रमुख अजित सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और एनसीपी प्रमुख शरद पवार भी मंच पर दिखे।
उल्लेखनीय है कि 19 मई को विश्वास मत हासिल करने से पहले ही बीजेपी नेता बी.एस. येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद राज्यपाल ने कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था। पहले 21 मई को शपथ ग्रहण का प्रस्ताव था, लेकिन राजीव गांधी की पुण्यतिथि के कारण उसे बदलकर 23 मई किया गया था।
यहाँ भी देखे – चाय पर चर्चा में सफल युवाओं से मिले मुख्यमंत्री, कहा-दंतेवाड़ा के युवाओं में परिस्थितियों को बदलने की ताकत है
Add Comment