रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज प्रदेश व्यापी विकास यात्रा के दौरान सूरजपुर जिले के ग्राम उचडीह में विशाल आम सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा- नया सूरजपुर जिला विकास की राह पर सूरज की तरह चमकता हुआ लगातार आगे बढ़ रहा है। सूरजपुर को वर्ष 2012 में जिला बनाया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा-जिला निर्माण के बाद इस अंचल के किसानों, मजदूरों और आदिवासियों सहित समाज के सभी जरूरतमंद वर्गो के जीवन में काफी बदलाव आया है। जिला बनने से यहां विकास की गति में तेजी आयी है। सूरजपुर प्रदेश में सबसे ज्यादा फल और फूलों का उत्पादन करने वाला जिला है। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह प्रदेश व्यापी विकास यात्रा के दौरान सूरजपुर जिले के उचडीह ग्राम में आयोजित आमसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने आम सभा में इस अंचल के वरिष्ठ आदिवासी नेता, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक और पूर्व संासद स्वर्गीय श्री शिवप्रताप सिंह को विशेष रूप से याद किया और जिले के ओडग़ी स्थित शासकीय महाविद्यालय का नामकरण उनके नाम पर करने की घोषणा की। डॉ. सिंह ने शासकीय महाविद्यालय सिलफिली का नामकरण क्षेत्र के वरिष्ठ आदिवासी नेता पूर्व सांसद स्वर्गीय श्री मुरारी लाल सिंह के नाम पर करने का भी ऐलान किया। डॉ. रमन सिंह ने आम सभा में सूरजपुर जिले के विकास के लिए 226 करोड़ 77 लाख रूपए की लागत के विभिन्न कार्यो का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
उन्होंने शासन की कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 21 हजार 991 हितग्राहियों को 7 करोड़ 78 लाख रूपए की सामग्री और अनुदान सहायता राशि के चेक वितरित किए। मुख्यमंत्री ने जिले के किसानों को समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बोनस के रूप में 40 करोड़ की राशि कम्प्यूटर पर क्लिक करके किसानों के खाते में भेजी। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि आगामी चार माह में सूरजपुुर जिले सहित प्रदेश के हर घर में बिजली पहुंचेगी और सभी मजरों-टोलों का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण होगा।
यह भी देखें : मुख्यमंत्री ने नक्सल वारदात की तीव्र निन्दा की, शहीदों के परिवारों के प्रति व्यक्त की संवेदना
Add Comment