जशपुर लोगों को गले लगाने वाला जिला : डॉ. रमन सिंह

रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ का दूरस्थ वनांचल का जशपुर जिला विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब यह जिला विकासगढ़ी के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। जशपुर जिला विकास का गढ़ है और विकास के मामले में देश में एक उदाहरण बन गया है। जब प्रधानमंत्री विकास कार्यों के लिए जिलों को सम्मानित करते हैं, तो जशपुर का नाम सबसे पहले आता है। जशपुर विकास को रोकने वाला नहीं, किसी को प्रतिबंधित करने वाला नहीं, लोगों को गले लगाने वाला जिला है। जागरूक महिलाओं को ज्यादा ताकत देने वाला और विकास को मजबूत करने वाला जिला है। मुख्यमंत्री डॉ.सिंह प्रदेश व्यापी विकास यात्रा के दौरान आज जशपुर जिले के विकासखंड मुख्यालय कांसाबेल में आयोजित आमसभा को संबोधित कर रहे थे। गृृह मंत्री रामसेवक पैकरा, श्रम, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री भईयालाल राजवाड़े, केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री विष्णु देवसाय, संसदीय सचिव शिव शंकर पैकरा और राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के जशपुर जिले के विकास में योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री डॉ सिंह ने आमसभा में 133.25 करोड़ रूपये की लागत के 664 विभिन्न कार्यो का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जशपुर जिले के चारों ओर परिवर्तन के साथ विकास साफ-साफ दिखाई दे रहा है। महिलाएं हों चाहे किसान और आदिवासी तथा गरीब, सभी वर्गो के लोगों में पहले की अपेक्षा काफी बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि जशपुर जिला आज कौशल उन्नयन तथा रोजगार के मामले में प्रदेश में सबसे आगे है। इसी तरह संस्थागत प्रसव के क्षेत्र में भी पूरे छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले का नाम सबसे ऊपर है।
यह भी देखे – मुख्यमंत्री ने फिर किया राहुल गांधी पर हमला, कहा- जहां-जहां कांग्रेस ने घोषणाएं की वहां-वहां हारी