Breaking Newsछत्तीसगढ़स्लाइडर

(बड़ी खबर) छत्तीसगढ़: चक्रवात के असर से चल रहीं हवाएं… आज इन इलाकों में हो सकती है बारिश…

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ चक्रवात दक्षिण क्षेत्र में अपना असर दिखा रहा है। चक्रवात की सक्रियता से सरगुजा संभाग इलाके में सुबह से मौसम बदला हुआ है। सुबह से पूर्वी दिशा से हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार तक सरगुजा जिले में भी बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

चक्रवात का ज्यादा असर दक्षिणी छत्तीसगढ़ में पड़ेगा। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से फिलहाल सरगुजा के लोगों को राहत मिली है, लेकिन बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात से एक बार फिर इलाके का मौसम बदलने की संभावना है। इस बार बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि आसमान में बादल छाए रहेंगे।



मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि गहरा अवदाब आंध्र प्रदेश तट को काकीनाडा के पास पार कर लिया है। यह पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में 24 किलोमीटर प्रति घंटे के गति से आगे बढ़ रहा है। इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।

अगले 6 घंटे में कमजोर होकर अवदाब और उसके अगले 12 घंटे में चिन्हित निम्न दाब के रूप में परिवर्तित होने की संभावना है। 14 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात बहुत ज्यादा मजबूत नहीं हो पाया और यह अवदाब के रूप में ही सक्रिय रह गया। इसका असर दक्षिणी हिस्से में ज्यादा है और इसी के कारण दक्षिणी छत्तीसगढ़ का इलाका प्रभावित रहेगा।

इसके कुछ दिनों बाद से बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय होकर आगे बढ़ेगा। इसके असर से फिर से सरगुजा में मौसम बदलने की संभावना है। बहरहाल सुबह से चल रही ठंडी हवाओं से लोगों को राहत मिली है। तेज धूप के बावजूद लोगों को ठंडी हवाएं ताजगी दे रही है।

Back to top button
close