छत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

‘भारत जोड़ो यात्रा का असर दिखने लगा है’… CM बोले-RSS प्रमुख भी मस्जिद और मजार पहुंचे… छत्तीसगढ़ के लोगों से बदला ना लें सिंधिया…

नवरात्र पर्व के दूसरे दिन बिलासपुर में महामाया देवी दर्शन करने पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने RSS प्रमुख मोहन भागवत पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के अभी दो सप्ताह भी पूरे नहीं हुए है और उसका असर दिखने लगा है। मोहन भागवत को मस्जिद और मजार पहुंच गए। नफरत छोड़ो और भारत जोड़ो इस देश की विविधता है। अनेकता में एकता हमारी ताकत है। लेकिन, BJP ने अपने स्वार्थ और सत्ता के लिए समाज में जहर घोलने का काम किया है।

रतनपुर में महामाया देवी की पूजा-अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेशवासियों को नवरात्र की बधाई दी और कहा कि माता रानी की कृपा से अच्छी वर्षा हुई है और फसल भी अच्छी है। अन्नदाता प्रसन्न हैं और खुशहाली का माहौल है।

छत्तीसगढ़ की ट्रेनों को बंद करने पर उन्होंने भाजपा सांसद और प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव पर हमला बोलते हुए कहा कि वे बताएं कि ऐसा क्यों हो रहा है। उनको बताना चाहिए कि ट्रेनें कब शुरू होंगी। सांसद किसलिए होते हैं। प्रदेशवासियों की आवाज सत्ताधारी सांसदों को सुनाई नहीं दे रही है। सौभाग्य कहिए या दुर्भाग्य कहिए सांसद अरुण साव भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। उन्हें बताना चाहिए कि वे चुप क्यों हैं। सैकड़ों यात्री ट्रेन बंद हैं और अब भी ट्रेनों को लगातार बंद किए जा रहे हैं। उनका मुंह राज्य सरकार के खिलाफ बोलने के लिए ही खुलता है। यात्रियों की परेशानी, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है। पेट्रोल-डीजल के दाम क्यों बढ़ रहे हैं। सांसद इस मामले में क्यों कुछ नहीं बोल रहे हैं।

नाराजगी का बदला छत्तीसगढ़वासियों से न लें ज्योतिरादित्य
ट्रेनों के कैंसिलेशन के साथ ही अब बिलासपुर में हवाई सुविधाएं बंद करने को लेकर मुख्यमंत्री बघेल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि एक बार मैंने उन्हें बिकाऊ बोल दिया था, तब से नाराज हो गए हैं। CM ने कहा कि एयर इंडिया का लोगो महाराजा है और उड्‌डयन मंत्री भी महाराजा हैं। दोनों बिकाऊ हैं। लेकिन, मेरे इस बयान और नाराजगी का बदला छत्तीसगढ़ के लोगों से नहीं लेना चाहिए।

विधानसभा अध्यक्ष महंत ने भी की पूजा-अर्चना
नवरात्र पर्व पर सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, उनकी पत्नी और कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत भी रतनपुर स्थित महामाया मंदिर देवी मंदिर पहुंचे और उन्होंने आदिशक्ति महामाया देवी की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री बघेल के आने से पहले ही दोनों पति-पत्नी रतनपुर से रवाना हो गए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा अध्यक्ष के साथ ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का स्वागत किया। इस अवसर पर तखतपुर विधायक श्रीमती रश्मि सिंह ठाकुर, शहर विधायक शैलेष पांडेय, महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रमोद नायक, महामाया ट्रस्ट के अध्यक्ष आशिष सिंह ठाकुर, राजेंद्र शुक्ला, अर्जुन तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home/gaganmittal/public_html/wp-includes/functions.php on line 5471