तेज रफ्तार बाराती वाहन का निकला पहिया, 3 की मौत, 9 घायल

अंबिकापुर। सड़क पर तेज रफ्तार दौड़ रहे वाहन का अचानक पहिया निकल गया जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं 9 लोग घायल हो गए है। इस बाराती वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। अंबिकापुर जिले में बोलेरो में सवार होकर एक ही गांव व परिवार के 10 बच्चे परिजनों के साथ बारात गए थे। बारात से वापस लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। हादसे में घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से 5 बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां इलाज के दौरान 2 और बच्चों ने दम तोड़ दिया। बाकी का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर काफी तेज गति से बोलेरो दौड़ा रहा था।
बोलेरो जैसे ही अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर स्थित तुलसी नाला के पास पहुंची कि पिछला पहिया अचानक निकलकर बाहर आ गया। इससे बोलेरो अनियंत्रित होकर 3 बार पलटकर सीधी खड़ी हो गई। हादसे में बोलेरो में सवार ग्राम कतकालो निवासी अर्जुन राजवाड़े की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ड्राइवर व बुजुर्ग सहित 9 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लटोरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को संजीवनी 108 से मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान रोहित कुमार वनवासी तथा किशन राजवाड़े ने दम तोड़ दिया। जबकि आयुष, पिंकू, रवि, ड्राइवर शिवचरण व सिमन राजवाड़े का इलाज जारी हैं। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया है।
यहाँ भी देखे – यात्री बस और ट्रक में भिड़ंत, दर्जन भर यात्री घायल