रायपुर

धान खरीदी 31सौ से कम में नहीं-साय

धान खरीदी 31सौ से कम में नहीं-साय

सरकारी दफ्तरों में 5 डे वीक खत्म करने पर विचार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 जून। मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के मौके पर सीएम विष्णुदेव साय बुधवार को मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई। श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ पर आशीर्वाद रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पांच लाख करोड़ के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। साय ने यह भी कहा कि धान खरीदी प्रति क्विंटल 31 सौ रूपए से कम नहीं होगी।

न्यू सर्किट हाऊस में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर संकल्प से सिद्धि अभियान की जानकारी दी गई। इस मौके पर श्री साय ने कहा कि मोदी सरकार का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा है। देश सक्षमता से उभरा है। आर्थिक क्षेत्र में जापान को पीछे छोडक़र चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।

उन्होंने कहा कि धारा 370 हो, या सीएए का मामला, या फिर ट्रिपल तलाक का मसला हो, मोदी सरकार ने ताकत से पास कराया है। साय ने कहा कि सौभाग्य है कि छत्तीसगढ़ की जनता ने विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी पर भरोसा किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के 16-17 महीने के कार्यकाल में पीएम के आशीर्वाद से मोदी की गारंटी को पूरा करने में सफल रहे हैं।

श्री साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गरीबों के आवास का हक छीना था। शपथ लेते ही 18 लाख पीएम आवास निर्माण का फैसला लिया गया। आज पूरे प्रदेश में निर्माण का काम चल रहा है। हाल यह है कि मकान बनाने के लिए राजमिस्त्रियों की कमी हो गई है। सेनेटरी समान की कमी है। उन्होंने कहा कि पीएम के आशीर्वाद से धान की अंतर की राशि 33 सौ 16 करोड़ रूपए देने का काम भी सरकार ने किया है।

सीएम ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खाते में हर महीने एक हजार रूपए भेज रहे हैं। इससे महिलाएं स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। सिलाई मशीन आदि खरीदकर रोजगार आदि का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सारंगढ़ के पास गांव में तो महिलाएं चंदा एकत्र कर राम मंदिर बनवा रही हैं। साय ने कहा कि भूमिहीन मजदूरों के खाते में राशि जमा की जा रही है। उन्होंने रामलला दर्शन योजना का जिक्र किया, और कहा कि भांचा राम के प्रति लोगों का लगाव है, अब तक 22 हजार लोग प्रदेश से रामलला दर्शन के लिए अयोध्या जा चुके हैं।

श्री साय ने कहा कि सीएम दर्शन योजना भी शुरू की गई है। ताकि गरीब लोगों को उनकी इच्छा के मुताबिक तीर्थयात्रा दर्शन कराया जा सके। सीएम ने कहा कि वो खुद जनजाति समाज से आते हैं, और मोदी सरकार के कार्यकाल में जनजाति सम्मान बढ़ा है। समाज की महिला राष्ट्रपति के रूप में शीर्ष पद पर आसीन है। यह गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि देश भर के जनजाति गांव के विकास के लिए 80 हजार करोड़ की राशि उपलब्ध कराई गई है। छत्तीसगढ़ के 66 सौ गांवों में ग्राम उत्कर्ष योजना का फायदा मिलेगा।

साय ने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए 32 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सीमांत किसानों को 6 हजार रूपए सालाना दिए जा रहे हैं।

श्री साय ने कहा कि प्रदेश में पांच लाख करोड़ का निवेश हुआ है। सेमीकंडक्टर का निर्माण कार्य शुरू हुआ है, और एआई डेका सेंटर की स्थापना की जा रही है। प्रदेश में 47 हजार करोड़ की रेलवे परियोजना चल रही है। 38 स्टेशनों के कायाकल्प करने का काम चल रहा है। पांच का तो उद्घाटन हो चुका है।

नक्सलियों के खिलाफ बारिश में भी चलेगा अभियान

सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चल रहा है। पीएम के आशीर्वाद से बसव राजू, सुधाकरण जैसे शीर्ष नक्सल नेता खत्म हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक चार सौ से अधिक नक्सली मारे गए हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बारिश में थोड़ी दिक्कत रहती है, लेकिन नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

फाईव डे वीक खत्म करने पर विचार

सीएम विष्णुदेव साय ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश के सरकारी दफ्तरों में पांच दिन के कामकाज की व्यवस्था को खत्म करने पर विचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि कई अधिकारी-कर्मचारी संगठन उनसे आग्रह कर चुके हैं कि दो दिन घर में रहकर बोर हो जाते हैं। सरकार इस पर विचार कर रही है।

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home/gaganmittal/public_html/wp-includes/functions.php on line 5471