नक्सलियों ने घात लगाकर किया हमला, आईडी ब्लास्ट में दो पुलिसकर्मी घायल

रायपुर/बीजापुर। छत्तीसगढ़ की सरहद से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले से खबर है। यहां नक्सल ऑपरेशन पर निकले सुरक्षा बल के जवानों पर माओवादियों ने आईडी ब्लास्ट कर हमला कर दिया। विस्फोट की जद में आने से दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। गंभीर रूप से जख्मी जवानों को हेलीकॉप्टर से नागपुर रेफर किया गया है। गढ़चिरोली के एडीशनल एसपी महेश्वर रेड्डी ने घटना की पुष्टि कर दी है। उन्होंने बताया कि कोरची तहसील के पनकाभट्टी के जगंल में घात लगाए बैठे नक्सलियों ने बारूदी विस्फोट कर जवानों को निशना बनाया। इस घटना में पुलिस का एक जवान व एक अफसर घायल हुआ है। नक्सलियों ने हमला उस वक्त किया जब जवान सर्चिंग पर निकले थे।
बारूदी सुरंग विस्फोट में जख्मी दोनों जवानों अतुल तावड़े और राजेश चाबर को हेलीकॉप्टर से नागपुर भिजवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अफसरों के मुताबिक दोनों की स्थिति अभी खतरे से बाहर है। इधर, इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। बीते कुछ दिनों से माओवादियों ने छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी गतिविधियां तेज कर दी हैै। रविवार को गढ़चिरोली जिले में ही साप्ताहिक बाजार में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर भी नक्सलियों ने हमला कर दिया था। पहले माओवादियों ने जवान पर गोली चलाई और जब गोली नहीं चली तो चाकू से हमला कर फरार हो गए। इस हादसे में जख्मी जवान को भी नागपुर रेफर किया गया था।
यह भी देखें – मुखबिरी का संदेह, नक्सलियों ने की ग्रामीण की हत्या