घर, परिवार और देश में महिलाओं का स्थान अग्रणी-कलेक्टर

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का हुआ सम्मान रवीश अग्रवाल, बलरामपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर अवनीश कुमार शरण ने कहा कि महिलाओं का स्थान घर, परिवार एवं देश में अग्रणी है। आज का दिन अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है और आज देश के प्रधानमंत्री से लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि आज जिले के 06 जनपद पंचायत में से 05 में जनपद पंचायत की अध्यक्ष महिला जनप्रतिनिधि निर्वाचित है। जिले में 02 वर्ष के अन्दर स्वास्थ्य के क्षेत्र में अच्छा काम हुआ है। इससे गांव के महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने संयुक्त जिला कार्यालय में महिलाओं को कैन्टिन आबंटित कराने हेतु आश्वस्त किया। कलेक्टर ने कहा कि आज महिलाएं बहुत अच्छा काम करने से जिला का उत्तरोत्तर प्रगति होगी। आप अपने कार्य क्षेत्र में बहुत अच्छा काम करते रहें, इससे आत्म निर्भरता बढ़ता रहता है। जिला पंचायत सदस्य शशिकला भगत ने कहा कि नारी घर, परिवार एव समाज को नई दिशा देती है। उन्होंने बालक एवं बालिका को एक समान शिक्षा देकर बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की बात की। उन्होंने केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं तथा महिला आरक्षण के संबंध में जानकारी दी। जिपं सदस्य विनय पैकरा ने नारी शक्ति की विस्तार से जानकारी दी। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी ज्योति मिंज ने मानव समाज में नारी की भूमिका, कत्र्तव्य और अधिकार आदि की विस्तार से जानकारी देते हुए सभी महिलाओं को अपने बच्चों को अच्छा पढ़ा लिखाकर संस्कारवान बनाने की बात कही।
जनपद अध्यक्ष शंकरगढ़ उद्देश्वरी पैकरा ने महिलाओं की शिक्षा एवं अधिकार और कत्र्तव्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उक्त कार्यक्रम में शिक्षाप्रद फिल्म ‘पैडमैन’ दिखाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा महिला उत्थान से संबंधित नाटक, गीत एवं अन्य विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष पार्वती आयाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष इन्द्री आयाम, जिला पंचायत सदस्य तारावती सिंह, जिले के महिला निर्वाचित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
यह भी देखे – बस्तर के चार विधायक चुनने में महिलाएं रहेगी अग्रणी