भाजपा प्रत्याशी विजय शर्मा को कवर्धा में लोग दे रहे चुनाव लड़ने चंदा.... » द खबरीलाल                  
Breaking News छत्तीसगढ़ रायपुर सियासत

भाजपा प्रत्याशी विजय शर्मा को कवर्धा में लोग दे रहे चुनाव लड़ने चंदा….

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कवर्धा विधानसभा क्षेत्र का चुनाव रोचक मोड़ लेता जा रहा है।

 

दरअसल, यहां मंत्री मोहम्मद अकबर के मुकाबले में भाजपा ने विजय शर्मा को मैदान में उतारा है। 2021 के झंडा विवाद के दौरान विजय कट्टर हिंदूवादी चेहरा बनकर उभरे थे। उन्हें दो माह तक जेल में भी रहना पड़ा था।

 

माना जा रहा है कि भाजपा ने इसीलिए उन्हें टिकट दिया है। अब चूंकि उनका मुकाबला क्षेत्र के कांग्रेस के दबंग नेता अकबर से है, जिन पर झंडा विवाद को प्रश्रय देने का आरोप भाजपा लगाती रही है, इसलिए विजय को आम नागरिक स्वस्फूर्त आर्थिक मदद कर रहे हैं। शुरुआती दौर में ही विजय को मंडल की बैठकों के दौरान लोग 20 लाख रुपये तक की मदद दे चुके हैं।

 

बता दें कि 2021 में कवर्धा में संप्रदाय विशेष के लोगों ने भगवा झंडा गिराकर पैरों से कुचलने और एक युवक की हत्या का प्रयास किया था। विजय ने इस घटना के विरोध में मोर्चा खोला था। इस दौरान विजय के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद उन्हें जेल जाना पड़ा था। भाजपा द्वारा उन्हें टिकट दे देने से यहां की राजनीति की दिशा ही बदल गई है।

 

विजय इन दिनों जिस भी मंडल में जाकर पदाधिकारियों की बैठक ले रहे हैं, वहां लोग स्वयं पहुंचकर व्यक्तिगत समर्थन करने के साथ ही उन्हें आर्थिक मदद भी कर रहे हैं। इससे पार्टी के क्षेत्रीय नेताओं का उत्साह बढ़ा हुआ है।

 

बता दें कि प्रदेश के कांग्रेस नेता भी यह कहते रहे हैं कि कवर्धा मामले में सरकार ने घटना के जिम्मेदारों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया था, जो आज जेल में बंद हैं।

 

10 से 500 रुपये तक की मदद

विजय को मिलने वाली आर्थिक मदद 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक है। यानी एक आम नागरिक उन्हें अपने खर्चे में कटौती कर मदद कर रहा है। इस राशि को डायरी में बकायदा नाम के साथ दर्ज किया जा रहा है। कोई बड़ी राशि नहीं दी जा रही है, इसलिए पार्टी के कार्यकर्ता इस मदद को स्वस्फूर्त मिलने वाला चंदा कह रहे हैं।

 

वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख ने बताया कि लोग स्वयं होकर आ रहे हैं और विजय शर्मा को मदद कर रहे हैं। जनता के इस तरह प्यार से भाजपा को काफी संबल मिल रहा है।