रायपुर। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए चली मैराथन बैठक के बाद 35 सीट पर एक नाम तय हाे गया है। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, विधानसभा अध्यक्ष डा चरणदास महंत और विधानसभा उपाध्यक्ष संतराम नेताम का नाम प्रमुख है।
इसके साथ ही 12 सीटों पर दो नाम का पैनल बनाया गया है। इसमें दो मंत्री और दस विधायकों की सीट शामिल हैं। मंत्री रविंद्र चौबे ने मीडिया से चर्चा में कहा कि इसी सप्ताह कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची जारी होगी। आठ सितंबर को स्क्रीनिंग कमेटी में नाम पर चर्चा होगी। आधे से अधिक सीटों पर चर्चा पूरी हो चुकी है। अधिकांश सीटों पर सिंगल नाम है, कुछ सीटों पर दो नाम का पैनल तैयार है। कांग्रेस की सूची केंद्रीय चुनाव समिति जारी करेगी।
रविंद्र चौबे ने कहा कि टिकट के लिए किसी को भी दिल्ली जाने की आवश्कता नहीं है। कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि दिल्ली जाने की जरूरत नहीं है। हमने लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाई है। ब्लाक कमेटी में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित सभी ने आवदेन दिया है। ब्लाक कांग्रेस के पास 2900 से अधिक आवेदन आए थे।उसकी समीक्षा के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चुनाव समिति को सौंपा है। स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक राज्य में होगी, इसलिए दिल्ली दौड़ लगाने की कोई जरूरत नहीं है।
7 सितंबर को रायपुर पहुंचेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के छत्तीसगढ़ दौरे पर रविंद्र चौबे ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की आठ सितंबर को राजनांदगांव में विशाल जनसभा है। इसी परिपेक्ष्य में गुरुवार को मल्लिकार्जुन खरगे रायपुर आ रहे हैं। यहां कांग्रेस के बड़े नेताओं, मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रभारी, और मंत्रियों से चर्चा करेंगे। चुनाव का समय आ गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन में हम सबको मिलेगा।
Add Comment