
बलरामपुर, पवन कश्यप: जिले के राज्य शासन की महत्वकांक्षी गोधन न्याय योजना की शुरुआत हरेली तिहार के दिन की गई थी। शासन के मंशानुरूप जिले में पशुपालकों तथा संग्राहकों से 2 रुपए प्रति किलो की निर्धारित दर से गोबर क्रय किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने गोबर विक्रेताओं को ऑनलाइन उनकी राशि का भुगतान कर दिया है।
जिले में अब तक 724.43 क्विंटल गोबर की खरीदी कर 849 हितग्राहियों को 1 लाख 45 हजार रुपए की राशि का भुगतान किया गया है। कलेक्टर श्री श्याम धावड़े तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरीश एस. के मार्गदर्शन में जिले के 77 गोठानों तथा 5 एसआरएलएम सेंटरों में गोबर की खरीदी की जा रही है।
उपसंचालक कृषि ने बताया है कि जिले में गोधन न्याय योजना के लागू होते ही गोबर खरीदी का कार्य प्रारंभ कर दिया गया था, जो जारी है। गौठान प्रबंधन समिति के माध्यम से गोबर की खरीदी कर उसे गौठान में बने शेड में एकत्रित किया जा रहा है। समूह की महिलाएं वर्मी टांके में खरीदे गए गोबर से खाद तैयार करेगी, जिसके लिए उन्हें प्रशिक्षित भी किया गया है।
पशुपालकों, कृषकों से गोबर क्रय कर उनके कार्ड में गोबर की मात्रा सहित अन्य जरूरी जानकारियां प्रविष्टि की जा रही है, तत्पश्चात उसकी ऑनलाइन एंट्री कर भुगतान किया जाता है। उन्होंने आगे बताया कि कलेक्टर श्री श्याम धावड़े के निर्देशानुसार गोधन न्याय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
सहायक नोडल अधिकारियों में कृषि, उद्यानिकी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा पशुपालन विभाग के जमीनी अमले को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं विकासखंड स्तर पर इसकी मॉनिटरिंग जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी करेंगे।