
रायपुर। प्रदेश के धर्मस्व कृषि एवं सिंचाई मंत्री बृजमोहन अग्रवाल आज जांगिड़ ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित भगवान विश्वकर्मा पूजन एवं प्रसाद भोग आयोजन में शामिल हुए। यह कार्यक्रम गुरु घासीदास सांस्कृतिक भवन न्यू राजेंद्र नगर में आयोजित था।
इस अवसर पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की आराधना करने वाला जांगिड़ ब्राह्मण समाज आज निर्माण के कामों में जुटा है। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा ने सृष्टि की रचना की है।
रामायण-महाभारत काल में उल्लेखित लंका हो या सुदामा महल भगवान विश्वकर्मा द्वारा ही बनाया गया था। हमारे धर्मग्रंथों में उनका विशेष उल्लेख हैं। आज भगवान विश्वकर्मा स्वरूप लाखों श्रमवीर साथी राष्ट्र नवनिर्माण के कार्य में जुटे हुए हैं।
भारत भूमि के कल कारखाने भगवान विश्वकर्मा के पूजन से ही शुरू होते है। यह हमारे सनातन धर्म की ताकत ही है जो हमें निर्माण सिखाती है। सकारात्मक सोंच के साथ हम अपने क्षेत्र में कार्य करते रहे, यही भगवान विश्वकर्मा का संदेश रहा है।
उन्होंने कहा कि आज का यह दिन भगवान विश्वकर्मा स्वरूप उन श्रमवीरों के सम्मान का भी दिन है जो दिन-रात श्रम करते हुए युग परिवर्तन हेतु क्रियाशील है। इस पूजन कार्यक्रम में जांगिड़ समाज ने पगड़ी पहनाकर श्री अग्रवाल का सम्मान किया।
इस अवसर पर मत्स्य महासंघ के संचालक सदस्य बबला होतवानी, जांगिड़ ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष सुरेश जांगिड़, सचिव सियाराम जांगिड़, मुन्ना जांगिड़, राम प्रसाद जांगिड़,अशोक जांगिड़, प्रहलाद जांगिड़ रामनिवास जांगिड़, कैलाश जांगिड़, रामकिशन जांगिड़ आदि उपस्थित थे।
यह भी देखे : राहुल गांधी का 13 किलोमीटर लंबा रोड-शो, 15 हजार पदाधिकारियों से करेंगे संवाद