छत्तीसगढ़वायरलस्लाइडर

‘जशपुर’ पर सियासत… रमन सिंह ने कहा- नशा माफिया के हौसले बुलंद, 50 लाख मुआवजा दें CM… बघेल बोले- सबके साथ न्याय होगा…

जशपुर जिले के पत्थलगांव में गांजा तस्करों ने शुक्रवार को धार्मिक जुलूस में शामिल लोगों को कुचल दिया। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हैं। क्षेत्र की 7 दुर्गा पंडालों में स्थापित मूर्तियों के विसर्जन के लिए सभी लोग जा रहे थे। घटना पर राजनीति भी शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कहा कि छत्तीसगढ़ में नशा माफिया के हौसले बुलंद हो गए हैं। मृतकों के परिजनों को 50 लाख रुपए मुआवजा दिया जाए। वहीं, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि सबके साथ न्याय होगा।

जांच के आदेश दिए, कोई बख्शा नहीं जाएगा
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जशपुर की घटना को दुखद और हृदयविदारक बताया है। उन्होंने कहा कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया दोषी दिख रहे पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई हुई है। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। कोई भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सबके साथ न्याय होगा। ईश्वर दिवंगतजनों की आत्मा को शांति दे।

अब क्या धार्मिक जुलूस निकालने वालों को कुचला जाएगा
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने ट्विटर पर घटना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि ये बेहद दर्दनाक है। उन्होंने लिखा कि छत्तीसगढ़ में नशा माफियाओं के हौसले बुलंद हो गए हैं। अब क्या धार्मिक जुलूस निकालने वालों को ऐसे ही कुचल दिया जाएगा। साथ ही मृतकों के परिजन को 50 लाख का मुआवजा और घायलों के इलाज की तुरंत व्यवस्था करने की भी मांग की है। इनके लिए कोई संवेदना सिर्फ इसलिए नहीं है, आपको क्योंकि यह कांग्रेस शासित राज्य छत्तीसगढ़ की घटना है। सस्ती वोट की राजनीति करनी आती है आपको बस!

सरकार दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेगी
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि जशपुर में हुई दुर्घटना के दृश्य बहुत ही हृदयविदारक हैं। इस घटना में जिन्होंने प्राण गंवाए हैं, उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। उन्होंने कहा कि सरकार दोषियों के ख़िलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

नशे के कारोबारियों पर नकेल कसने पर पुलिस नाकाम
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि जशपुर की घटना के लिए प्रदेश सरकार जिम्मेदार है। नशे के कारोबारियों पर नकेल कसने में पुलिस नाकाम रही है। जिसके चलते यह घटना हुई है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 75 लाख और घायलों को 5-5 लाख रुपए दिए जाने की मांग की है।

लखीमपुर में घोषणा की, यहां की जनता आपसे अपेक्षा करती है
राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि जशपुर में दुर्गा विसर्जन में निकले भक्तों पर एक सिरफिरे ने गाड़ी चढ़ा दी। मुख्यमंत्री यूपी के लखीमपुर खीरी गए और 50-50 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की। अब छत्तीसगढ़वासी मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख और घायलों को 25-25 लाख मुआवजा देने की घोषणा करेंगे। यहां की जनता आपसे अपेक्षा करती है।

शोभायात्रा में शामिल लोगों को कुचलने की घटना दुखद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं। इससे पहले उन्होंने कहा कि पत्थलगांव दुर्गा शोभायात्रा में शामिल लोगों को तेज रफ्तार कार से कुचले जाने की बड़ी और अत्यंत दुःखद घटना की खबर प्राप्त हुई है। मृतात्मा के शांति की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं और घायलों की शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

घटना की उच्च स्तरीय जांच करा दोषियों पर सख्त कार्रवाई करें
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया है कि छत्तीसगढ़ के जशपुर में श्रद्धालुओं को कुचलने की घटना दुखद है। उन्होंने कहा कि दो आरोपी पकड़ भी लिए गए हैं। जो मध्यप्रदेश के बताए जा रहे है। इनका मादक पदार्थों की तस्करी से कनेक्शन की बात भी सामने आ रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मांग की है कि पूरी घटना की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाएं। छत्तीसगढ़ में एक न्याय प्रिय सरकार है, जहां अपराधियों को संरक्षण नहीं सजा दी जाती है।
शिवराज से पूछो गांजे का कारोबार कब बंद करेंगे।

कांग्रेस प्रवक्ता और भिलाई शहर से विधायक देवेंद्र यादव ने रमन सिंह को जवाब देते हुए कहा कि बर्थ डे के दिन तो सच बोल लो। छत्तीसगढ़ में हौसले पहले बुलंद थे, तभी आराम से तस्करी होती थी। आज उनमें इतना डर है कि भागना पड़ रहा है। आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी मप्र के हैं, तस्करी ओडिशा से हो रही थी। उन्होंने कहा कि जरा शिवराज चौहान से पूछो कि गांजे का कारोबार कब बंद करेंगे।

प्रियंका वाड्रा जी, भूपेश बघेल से इस्तीफा मांगने की हिम्मत है
छत्तीसगढ़ के इस सियासी अखाड़े में उत्तर प्रदेश भाजपा ने भी एंट्री की है। BJP उत्तर प्रदेश की ओर से ट्वीट कर कहा है कि छत्तीसगढ़ में श्रद्धालुओं को कार से कुचल दिया गया। प्रियंका गांधी वाड्रा जी…भूपेश बघेल से इस्तीफा मांगने की हिम्मत है? या आपकी ‘ड्रामा कंपनी’ ने सिर्फ यूपी का ठेका ले रखा है?

Back to top button

Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home/gaganmittal/public_html/wp-includes/functions.php on line 5471