छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में शादी के मंडप में बैठे दूल्हा-दुल्हन पर एसिड अटैक हुआ है। बताया जा रहा है कि, बुधवार देर शाम शादी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान अचानक लाइट गुल हुई। जिसके बाद किसी अज्ञात शख्स में दूल्हा-दुल्हन पर एसिड से अटैक कर दिया। एसिड के छीटें दूल्हा-दुल्हन समेत आसपास में मौजूद करीब 10 से ज्यादा लोगों पर पड़े। सभी घायलों को जगदलपुर के महारानी अस्पताल लाया गया है। जहां सभी का इलाज चल रहा है। मामला जिले के भानपुरी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला बस्तर जिले के आमाबाल गांव का है। सुधापाल का रहने वाला दूल्हा डमरू बघेल (23) की दुल्हन सुनीता कश्यप (19) के साथ शादी की रस्म चल रही थी। चारों तरफ खुशियों का माहौल था। साथ ही मौसम खराब होने की वजह से लाइट भी बार-बार गुल हो रही थी इसी बीच। रस्म के दौरान लाइट गुल होने का फायदा उठाकर किसी ने भीड़ के बीच से ही एसिड अटैक कर दिया। दूल्हा दुल्हन समेत अन्य लोगों पर एसिड के चीते पड़ते हैं शोरगुल होना शुरू हुआ।
शादी में शामिल हुए रिश्तेदार समेत गांव के लोग यहां-वहां भागने लगे। कुछ देर के बाद जब लाइट आई तो देखा दूल्हा-दुल्हन दोनों के शरीर के कई अंगों में एसिड के छींटे पड़े थे। इसके साथ ही बच्चे महिला समेत अन्य 10 से ज्यादा लोग इस एसिड अटैक से घायल हुए थे। इसके बाद मौके पर मौजूद रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। इस मामले की जानकारी फौरन भानपुरी थाना के जवानों को दी गई।
बताया जा रहा है कि एसिड अटैक करने वाला मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस को शक है कि इस वारदात में दूल्हा दुल्हन के परिवार के ही कोई सदस्य शामिल हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिवार के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। डॉक्टरों की माने तो जिन लोगों पर एसिड अटैक हुआ है उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। जगदलपुर के महारानी अस्पताल में ही सभी को भर्ती करवाया गया है।
ये हुए घायल
दूल्हा डमरू और दुल्हन सुनीता के अलावा संपत बघेल (32) टेमेश्वर मौर्य (06), तुला कश्यप (19), जामनी कश्यप (04), गूंजी ठाकुर (25) कारी बाई कश्यप (29) गुनमनी कश्यप (29) मालती कश्यप (38) मिटकी कश्यप (38) गोयनदा कश्यप (38) शामिल हैं।
Add Comment