छत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

सूची लेकर पुनिया दिल्ली रवाना… आलाकमान की मंजूरी का करना होगा इंतजार…

रायपुर. छत्तीसगढ़ में निगम-मंडल और आयोग में नियुक्ति को लेकर समन्वय समिति की बैठक में तय की गई सूची लेकर कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया रविवार को दिल्ली रवाना हो गए। अब आलाकमान से इसकी स्वीकृति के बाद सूची में शामिल नामों की घोषणा की जाएगी। सूची में निगम-मंडलों के चेयरमैन, डायरेक्टर, उपाध्यक्ष और सदस्यों के नाम शामिल हैं। कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा समन्वय समिति के सदस्यों की मौजूदगी में संगठन द्वारा तैयार की गई सूची को अंतिम रूप दिया। सूत्र बताते हैं कि दूसरी सूची में पीसीसी मुख्यालय में काम करने वाले कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के नाम शामिल हैं। अन्य जिलों के कांग्रेस पदाधिकारियों और जातीय संतुलन बनाने को लेकर सूची में कई नाम दो दौर की बैठक में जोड़े गए। श्री पुनिया ने रविवार सुबह दिल्ली रवाना होने के पहले चर्चा के दौरान कहा कि सूची को आलाकमान की स्वीकृति और विभागीय आदेश जारी होने के बाद जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को निगम-मंडल में जगह नहीं मिलेगी, उन्हें संगठन में पद दिया जाएगा।



सूची जारी होने में हो सकती है देर

कांग्रेस की दूसरी सूची में जिलों से संगठन में सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को स्थान दिलाने का पूरा प्रयास किया गया है। जिलों से शामिल किए गए कई नामों पर एकमत नहीं हाेने के कारण सूची काफी लंबी हो गई है। अब इन नामों पर आलाकमान की सहमति के बाद ही सूची जारी हो सकती है। श्री पुनिया ने संकेत दिए हैं कि पहली सूची में सहमति बनाने में एक पखवाड़े का समय लगा था। इस सूची को सहमति मिलने के बाद मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। माना जा रहा है कि 15 अगस्त से पहले जारी होने वाली सूची में और देरी हो सकती है।

जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी बनेगी

श्री पुनिया ने बताया कि जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के आदेश जारी होने के बाद नई कार्यकारिणी और ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की जानी है। बैठक में इसे लेकर भी चर्चा हुई। संगठन में विस्तार के तहत जिला कार्यकारिणी में नई नियुक्ति और प्रदेश बाॅडी में नए लोगों को शामिल किए जाने को लेकर विमर्श हुआ। कांग्रेस में एक व्यक्ति एक पद के फार्मूले को लेकर निगम-मंडलों में जगह पाने वालों के स्थान पर संगठन में नियुक्ति को लेकर भी चर्चा की गई। बताया जाता है कि निगम-मंडलाें की दूसरी सूची आने के बाद संगठन विस्तार के कार्य को अंतिम रूप दिया जाएगा।



22 जिलाें में कांग्रेस भवन का शिलान्यास 20 को

बताया गया है कि राज्य के 22 जिलों में एक करोड़ की लागत से बनने वाले कांग्रेस भवन के शिलान्यास कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार की गई। 20 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती के दिन वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी इसकी आधारशिला रखेंगे। सरकार और संगठन के बीच समन्वय तथा सरकार की योजनाओं को लेकर भी चर्चा की गई। राजीव गांधी न्याय योजना और गोधन न्याय योजना की समीक्षा की गई। वहीं राजीव गांधी न्याय योजना की दूसरी किश्त का भुगतान किसानों को किया जाएगा।

Back to top button
close