रायपुर. भाजपा ने राज्य की अनुसूचित सीटों को साधने की नई रणनीति तैयार की है। प्रदेश में ऐसे वक्ताओं को तैयार करेगी, जो अंबेडकर के योगदान के संबंध में अपनी बात रख सकें। जिला और मंडल के साथ ही शक्ति केंद्र के स्तर पर वक्ताओं की पहचान करने की पार्टी की योजना है। ये वक्ता उन बूथों पर फोकस करेंगे, जहां एससी वोटर ज्यादा हैं। साथ ही ऐसे बूथों की भी पहचान की गई है, जहां एससी के कम से कम 100 वोटर हैं।
इन बूथों पर भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मोदी के मन की बात सुनेंगे। इसकी जिम्मेदारी भाजपा एससी मोर्चा को दी गई है। दरअसल, भाजपा अपने स्थापना दिवस से डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल तक राज्य में सामाजिक न्याय पखवाड़ा के रूप में मना रही है। इसके तहत ही पार्टी ने यह योजना तैयार की है। प्रदेश में सामाजिक न्याय पखवाड़ा मनाने के लिए 6 लोगों की टीम बनाई है। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल सिन्हा और उद्धेश्वरी पैकरा, रामलाल चौहान, महेश जैन, नवीन मारकण्डेय, मोर्चा कार्यसमिति सदस्य मलिखम कोसले शामिल हैं।
इसलिए एससी वोटर को रिझा रही भाजपा
प्रदेश में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित 10 सीटों के अलावा प्रदेश में ऐसी दर्जन भर सीटें ऐसी हैं जहां एससी वोटरों का प्रभाव है। भाजपा इन सीटों को भी अपने पक्ष में करने की रणनीति के तहत काम कर रही है। दरअसल, प्रदेश में सामान्य की 8- 10 सीटें ऐसी हैं जहां एससी वोटरों की संख्या 30 फीसदी तक है। ये वोटर चुनाव में पार्टियों का समीकरण बिगाड़ सकते हैं। इस तरह से भाजपा लगभग 20 सीटों को सीधे साधने की योजना पर काम कर रही है। बताया जा रहा है कि राज्य में 12-14 सीटें ऐसी हैं जहां 20-30 फीसदी वोटर एससी हैं।
ये सीटें एससी वर्ग के लिए हैं आरक्षित : सारंगढ़, मुंगेली, मस्तूरी, पामगढ़, सराईपाली, बिलाईगढ़, आरंग, अहिवारा, नवागढ़ और डोंगरगढ़।
14 तक न्याय पखवाड़ा
एससी मोर्चा ने भाजपा के 14 अप्रैल तक चलने वाले सामाजिक न्याय पखवाड़ा को पूरे महीने मनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत मोर्चा 14 अप्रैल (अंबेडकर जयंती) से 5 मई (बुध पूर्णिमा) तक सामाजिक न्याय पखवाड़ा मनाएगा। इस दौरान विविध तरह के कार्यक्रम किए जाएंगे।
सिर्फ 2 सीटें ही भाजपा के पास
2018 के चुनाव में एससी के लिए आरक्षित प्रदेश की दस सीटों में से केवल दो सीटें मुंगेली और मस्तूरी ही भाजपा के पास है। जबकि कांग्रेस सात सीटों आरंग, बिलाईगढ़, अहिवारा, नवागढ़, डोंगरगढ़, सारंगढ़ और सरायपाली पर काबिज है। पामगढ़ सीट बसपा के पास है।
Add Comment