Breaking Newsछत्तीसगढ़रायपुर

छत्तीसगढ़ः दम घुटने से ईंट भट्ठे में काम करने वाले 5 मजदूरों की हुई मौत, सीएम ने जताया शोक…

महासमुंद। जिले के गढ़फुलझर में मंगलवार रात ईंट भट्ठे के धुएं से 5 मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है, उसका इलाज बसना सामुदायिक केंद्र में चल रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्रमिकों की मौत पर दुख जताया है। बता दें कि बसना थाना क्षेत्र की पूरी घटना है।

 

ग्रामीणों ने बताया, कुंज बिहारी पांडे का ईंट भट्ठा है। कुंज बिहारी माटीकला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष चंदशेखर पांडे के छोटे भाई हैं। उन्होंने श्रमिकों से ईंट बनवाकर उसे पकाने के लिए ठेका दिया हुआ था। यहां 6 श्रमिक गंगा राम बिसी (55 वर्ष), दशरथ बिसी (30 वर्ष), सोना चंद भोई (40 वर्ष), वरुण बरिहा (24 वर्ष), जनक राम बरिहा (35 वर्ष) और मनोहर बिसी (30 वर्ष) काम कर रहे थे। रात 12 बजे तक ईंट भट्ठे में काम चलता रहा।

 

मिली जानकारी के अनुसार काम पूरा करने के बाद श्रमिक शराब पीकर भट्ठी के ऊपर ही लेट गए। भट्ठी में निकलने वाले धुंए से सभी बेहोश हो गए। बुधवार सुबह 5 बजे एक ग्रामीण ने जब ईंट भट्ठे से धुआं निकलते देखा, तो उसके ऊपर सो रहे लोगों को आवाज लगाई। आवाज लगाने पर भी किसी ने कोई उत्तर नहीं दिया, तब जाकर उसने बाकी लोगों को बुलाया और बसना थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

 

घटना स्थल पर पहुंची मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 5 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक श्रमिक मनोहर बिसी (30 वर्ष) की हालत गंभीर है, जिसका इलाज चल रहा है। मृतकों में पिता और उसके 2 बेटे भी शामिल हैं। घटना रात 12 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है।

 

मुख्यमंत्री ने घटना पर जताया अफसोस

 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 5 श्रमिकों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने और गंभीर रूप से घायल एक श्रमिक को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Back to top button
close