रायपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन का आज दूसरा दिन है। इसमें हिस्सा लेने राहुल और सोनिया गांधी भी पहुंचे हैं। पार्टी की पूर्व अध्यक्ष देशभर से आए कांग्रेस नेताओं से सीधा संवाद करेंगी। पार्टी को लेकर वे क्या सोचती हैं, और वो कांग्रेस नेताओं से क्या अपेक्षाएं रखती हैं। इस पर वो शनिवार को खुलकर बात करेंगी। तय कार्यक्रम के मुताबिक वे साढ़े 11 बजे के आस-पास अधिवेशन में आए नेताओं को सम्बोधित करेंगी।
अधिवेशन के पहले दिन मां-बेटे के रिश्ते की दिलचस्प तस्वीर एक बैठक में कैद हुई। माैका पार्टी की सब्जेक्ट कमेटी की बैठक का था। बैठक जहां आयोजित थी, वहां एयर कंडीशनर लगा था। किसी से बिना कुछ कहे राहुल गांधी अपनी सीट से उठे और मां को शॉल ओढ़ा दिया।
इससे पहले भी राहुल गांधी अपनी मां का ख्याल रखते नजर आ चुके हैं। काफी देर तक इस बैठक में वो मुद्दे तय किए गए, जिनमें आने वाले समय में कांग्रेस सियासी तौर पर काम करेगी।
खड़गे भी करेंगे देश भर के डेलीगेट्स से बात
सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट के आस-पास अधिवेशन के कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद औपचारिक कार्यक्रम के बाद वो साढ़े 10 बजे के आस-पास कांग्रेस नेताओं को सम्बोधित करेंगे।
पार्टी के संविधान बदलने पर भी चर्चा
कांग्रेस के 85वें अधिवेशन में पार्टी अपने संविधान को बदल सकती है। जैसे पदाधिकारियों की नियुक्ति के नियम, चुनावों में कैंडिडेट्स को लेकर बात, संगठन में पदों के बंटवारे को लेकर नियम। संगठन के पदाधिकारियों को दी गई शक्तियों के नियमों में बदलाव हो सकते हैं।
पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने इसे लेकर बताया कि 16 प्रावधानों में बदलाव के प्रस्तावों पर बात होगी। इसके अलावा संविधान के 32 नियम में संशोधन का प्रस्ताव है। CWC में 50 प्रतिशत आरक्षण, दलित, महिलाओं और आदिवासियों को दिया जाना जरूरी है, इसे स्वीकार भी कर लिया गया है।
Add Comment