
छत्तीसगढ़ में अब ठंड लगभग समाप्ति की ओर है। दोपहर की तपिश के साथ ही रात का पारा भी अब बढ़ने लगा है। बुधवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। प्रदेशभर में सबसे कम न्यूनतम तापमान कृषि विज्ञान केंद्र नारायणपुर में 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अब प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा और आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।
फरवरी समाप्त होने में अभी भी पांच दिन का वक्त है और अभी से दोपहर की धूप चुभने लगी है। बुधवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। प्रदेश में अब पश्चिम दिशा से हवा आ रही है, इसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में बढ़ोतरी हो रही है।
प्रदेश में सारंगढ़ सबसे ज्यादा गर्म रहा, एआरजी सारंगढ़ का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अभी से मौसम के मिजाज को देखते हुए कहा जा रहा है कि इस वर्ष गर्मी भी जबरदस्त पड़ने वाली है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम का रुख शुष्क ही रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी।
मौसम विज्ञानियों से मिली जानकारी के अनुसार अरब सागर से आ रही नमी युक्त हवा के चलते बुधवार को प्रदेश में हल्के बादल भी छाए। हवा की दिशा में बदलाव न होने के कारण अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। नमी युक्त हवा के कारण न्यूनतम तापमान में भी विशेष बदलाव नहीं होगा। रात में हल्की ठंड रहेगी।