छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: CRPF कैंप में जवान ने मचाया कत्लेआम… जवान ने करदी 4 साथियों की हत्या… सामान और मोबाइल डिटेल्स की हो रही है जांच…

सुकमा के लिंगनपल्ली CRPF कैंप में अपने ही 4 साथी जवानों की हत्या करने के बाद आरोपी किसी से बात नहीं कर रहा है। CRPF के IG प्रकाश डी ने बताया कि आरोपी जवान रितेश रंजन से हमने बात करने की कोशिश की मगर वो कुछ नहीं कह रहा है। वो किसी को कुछ नहीं बता रहा है। हमने उसकी रायफल जब्त कर ली है। लोकल पुलिस भी अपना काम कर रही है।

थाने ले जाकर उससे पूछताछ करने की कोशिश की जा रहा है। वो इस घटना के बाद से कुछ भी नहीं बोल रहा है, वो हमारा ट्रेंड जवान है इसी कैंप में था। IG प्रकाश डी ने कहा कि किसी तरह का डिपार्टमेंटल विवाद सामने नहीं आया है, हम छानबीन कर रहे हैं। उसकी छुट्टी भी स्वीकृत थी।

एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर से रायपुर लाए गए जवान।
CRPF सूत्रों की माने तो ये गोलीकांड आपसी झगड़े की वजह से बताया जा रहा है। आरोपी जवान रितेश रंजन थोड़े गुस्सैल स्वभाव का था। कुछ दिन पहले भी उसकी बहस, साथी जवानों से हुई थी। देर रात जब ये घटना हुई कैंप में दूसरे जवान सो रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि रितेश का रात में कैंप में मौजूद इस घटना में मारे गए जवानों के साथ फिर झगड़ा हुआ होगा।

इसी में रायफल तानकर रितेश ने साथियों पर फायरिंग कर दी। बीच-बचाव करने आए जवानों को भी रितेश ने गोली मारी, जिससे 3 और जवान घायल हो गए। दो घायल जवानों को इलाज के लिए रायपुर लाया गया है।

कुछ कह नहीं पाए घायल जवान
इस घटना को अपनी आंखों से देखने वाले जवान धनंजय कुमार को रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल में लाया गया। वो बात करने की स्थिति में नहीं हैं। उनके हाथ और पैर में गोली लगी है। जवान को जब एंबुलेंस से उतारा गया वो दर्द से कराह रहे थे। जगदलपुर में एयरफोर्स के हेलिकॉप्टर से धनंजय के साथ धर्मात्मा सिंह नाम के घायल जवान को भी लाया गया है। धर्मात्मा को इलाज के लिए देवेंद्र नगर के नारायणा अस्पताल ले जाया गया है।

13 तारीख को जाने वाला था छुट्‌टी पर
CRPF के IG प्रकाश डी ने बताया कि फिलहाल ऐसी बात भी सामने नहीं आई है कि जवान को काम की वजह से किसी तरह की परेशानी हो। बल्कि उसकी तो छुट्‌टी स्वीकृत की गई थी। 13 नवंबर को वो छुट्टी पर जाने वाला था। ये घटना बेहद दुर्भाग्य जनक है। मैं खुद सुकमा पहुंचा हुआ हूं, कैंप के अफसरों से इस घटना को लेकर मेरी बातचीत जारी है, हम जांच कर रहे हैं।

3 बजे फायरिंग सुनकर घबराए जवान
लिंगनपल्ली में CRPF की 217 बटालियन कैंप में ये वारदात हुई है। देर रात करीब 3.15 बजे CRPF जवान रितेश रंजन ने अपने साथियों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से 2 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। इसी कैंप में 85वीं बटालियन के जवानों का भी कैंप है। देर रात गोली चलने से हड़कंप मच गया। अन्य जवान दौड़ कर मौके पर पहुंचे। इसके बाद अफसरों को जानकारी दी गई।

सामान की ली जा रही है तलाशी
CRPF के अधिकारी, कैंप के दूसरे जवान सभी इस बात को लेकर बेहद आश्चर्यचकित हैं कि आखिर रितेश ने ऐसा क्यों किया। जवान यह तो कहते हैं कि वह गुस्सैल था, लेकिन इस हद तक चला जाएगा यह संभव नहीं लगता। उसका किसी से भी इतना गंभीर झगड़ा नहीं था और ना ही पहले ऐसा कुछ हुआ था। अब पुलिस और कैंप के अधिकारी रितेश के सामान को खंगाल रहे हैं और उसके मोबाइल डिटेल्स निकाल रहे हैं।

पुलिस का अनुमान है कि इस हत्याकांड से पहले मोबाइल पर उसने किसी को कॉल किया हो या मैसेज किया हो। या पहले कभी ऐसा कुछ घर-परिवार, दोस्तों को बताया हो तो उसकी जानकारी मिल जाएगी। इसी तरह उसके सामान में भी यदि ऐसा कुछ मिलता है जिससे उसकी मन की स्थिति समझ में आए तो जांच में आसानी होगी। उसके परिजनों को भी बुलाया गया है।

Back to top button
close