
प्रदेश में नौतपा शुरुआती पूरे हफ्ते नहीं तपा,लेकिन अंतिम दो दिन यानी 1 और 2 जून को पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ी। गुरुवार को नौतपे के अंतिम दिन प्रदेश में कई जगह लू भी चली है। राजधानी में पारा 44 डिग्री पर पहुंच गया। रायपुर और दुर्ग दुर्ग संभाग का बड़ा हिस्सा लू की चपेट में रहा।
बलौदाबाजार के अर्जुनी में दोपहर का तापमान 45.6 डिग्री पर पहुंच गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। मौसम विभाग के अनुसार दो सिस्टम सक्रिय हैं, लेकिन प्रदेश में इनका असर होने के आसार कम है। इस वजह से शुक्रवार को दोपहर के तापमान में थोड़ी और वृद्धि हो सकती है।
25 मई से शुरू हुआ नौतपा 2 जून, गुरुवार को खत्म हो गया। नौतपे में मई अंत तक गर्मी से राहत थी लेकिन जून में इसका सही असर दिखाई दिया। दोनों ही दिन लोग भीषण गर्मी व उमस से लोग बेहाल दिखे। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा।
यानी वहां लू चली। दोपहर में गर्म हवा के थपेड़ों से लोग झुलसते रहे। दोपहर 12 से 3 बजे तक सबसे ज्यादा गर्मी का अहसास हुआ। जगदलपुर में तो पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 9.5 डिग्री तक बढ़ गया। इसे रिकार्ड माना जा रहा है। रायपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा 44 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 29.3 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरी ओर, बस्तर में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री कम होकर 23.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम है।
नौतपा में राजधानी का नौ दिनों का तापमान

24 घंटे में साढ़े 9 डिग्री तक बढ़ गया पारा
प्रदेश में अधिकतम तापमान 1 से साढ़े 9 डिग्री तक बढ़ गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार एक ऊपरी हवा का चक्रवात दक्षिण-पूर्व उत्तरप्रदेश में 1.5 किमी की ऊंचाई पर तथा द्रोणिका दक्षिण-पूर्व उत्तरप्रदेश से नागालैंड तक 0.9 किमी की ऊंचाई पर बनी है।





