छत्तीसगढ़ भाजपा के सह प्रभारी नितिन नबीन के दिए बयान के बाद बवाल सड़क पर दिखा। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने इसका कड़ा विरोध किया। दोपहर के वक्त छत्तीसगढ़ के करीब-करीब हर जिले में इस मुद्दे पर युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। रायपुर में ये सियासी आग सड़क पर दिखी। नेताओं ने नितिन नबीन का पुतला फूंका ।
रायपुर में जिला अध्यक्ष विनोद कश्यप, जय स्तंभ चौक में पुतला लेकर पहुंचे। युवा कांग्रेसियों ने नितिन नबीन के खिलाफ नारे लगाए। नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ के जनता से नितिन माफी मांगें नहीं तो आने वाले समय में नितिन को काले झंडे दिखाए जाएंगे साथ ही छत्तीसगढ़ में उन्हें घुसने भी नहीं दिया जाएगा ऐसी चेतावनी युवा कांग्रेस द्वारा दी गई।।
जिलाध्यक्ष विनोद कश्यप ने कहा कि जिस प्रकार बीजेपी के साथ प्रभारी नितिन नबीन द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान किया गया इससे प्रदेश की जनता को आघात पहुंचा है। इस कार्यक्रम में महासचिव गुलज़ेब अहमद , तुषार गुहा समेत कई युवा कांग्रेस नेता मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा था अपमान नहीं सहेंगे
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नितिन नबीन के बयान पर कहा था- हर प्रदेश का अपना गौरव होता है,अपनी संस्कृति होती है। छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति रायपुर में लगी है। आने वाले समय में पूरे प्रदेश में लगेगी। छत्तीसगढ़ हमारी माता है, अब ये लोग (भाजपा नेतागण) उसका विरोध कर रहे हैं तो ये छत्तीसगढ़ के लोगों का विरोध है। भाजपा 15 साल यहां सत्ता में रही कभी यहां की भाषा, संस्कृति को बढ़ाने का काम नहीं किया। ये अपमान नहीं सहा जाएगा।
ये कहा था नबीन ने
भाजपा के छत्तीसगढ़ संगठन के सह प्रभारी नितिन नबीन ने रायपुर में मीडिया से बात की थी। उन्होंने पूरे प्रदेश में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा और छत्तीसगढ़ियावाद के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा- हम भारतीयतावाद की बात करते हैं। मूर्ति लगाने से क्या फायदा जब प्रदेश की महिलाएं सुरक्षित नहीं है तो मूर्ति लगाने से क्या होगा। कांग्रेस शराबबंदी का वादा करके मुकर गई ।
Add Comment