Breaking Newsछत्तीसगढ़स्लाइडर

छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा उलटफेर… दक्षिण-पूर्व हवाओं से फिर बढ़ी गर्मी… कल से कुछ ऐसा रहेगा मौसम का हाल…

छत्तीसगढ़ के मौसम में एक बार फिर से बड़ा उलटफेर हुआ है। यहां अधिकतर क्षेत्रों में 24 घंटे में ही थर्मामीटर का पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक उछल गया है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में दक्षिण-पूर्व की हवाओं से यह गर्मी बढ़ी है। हालांकि कल से मौसम फिर एक करवट लेगा। पारा 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गोता लगाएगा।

बीते 24 घंटों में मौसम में हुए बदलाव की वजह से प्रदेश के उत्तर और दक्षिण छोर के शहरों का तापमान लगभग एक जैसा हो गया है। दो दिन पहले तक 3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान वाले जशपुर में आज न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस मापा गया। सरगुजा संभाग के ही कोरिया में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस, बलरामपुर में 11.5 डिग्री सेल्सियस और अम्बिकापुर में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।



ऐसा ही हाल दक्षिण स्थित बस्तर संभाग के जिलों का है। यहां जगदलपुर का न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस और दंतेवाड़ा का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है। सामान्य स्थितियों में उत्तरी क्षेत्र के जिलों में काफी ठंढ पड़ती है। वहीं दक्षिणी क्षेत्र के जिलों में तापमान उतना नहीं गिरता। रात और दिन के तापमान में काफी अंतर होता है। मौसम के अंत में हवाओं ने दोनों संभागों की स्थिति एक जैसा कर दिया है।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, प्रदेश में दक्षिण पूर्व से गर्म हवा आने के कारण प्रदेश के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। कल तक ऐसे ही बने रहने की संभावना है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, कल से प्रदेश में उत्तर से ठंढी और शुष्क हवाएं आने की संभावना बन रही है। जिसके कारण प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री गिरावट संभावित है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री गिरावट संभव है। ऐसा 22 जनवरी तक रहेगा।

मौसम विज्ञानी के मुताबिक 22 जनवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने तथा आसमान मुख्यत: साफ रहने की संभावना है। अभी न्यूनतम तापमान लगभग सामान्य से दो से 3 डिग्री ज्यादा है। 22 जनवरी तक प्रदेश के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री नीचे रह सकता है। सरगुजा संभाग के 1-2 जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है।

एकदम से गर्म हुआ दुर्ग संभाग
दुर्ग संभाग के जिलों में गर्मी एकदम से बढ़ गई है। राजनांदगांव में तापमान अधिकतम 30.1 और न्यूनतम 16.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। एक दिन पहले राजनांदगांव का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस था। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को इसे 11 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। कवर्धा में भी आज न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री रहा। जबकि एक दिन पहले यहां तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस था।



राजधानी में मामूली परिवर्तन
राजधानी रायपुर के तापमान में मामूली बदलाव हुआ है। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस मापा गया। एक दिन पहले यह 13.4 डिग्री सेल्सियस था। माना हवाई अड्डे पर तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को यहां 12.6 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया था। लाभांडी में आज न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि एक दिन पहले इसे 10.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया था।

Back to top button