भाजपा को फिर झटका... कांग्रेस में शामिल होने 250 से अधिक समर्थकों के साथ पहुंचे थे बीजेपी नेता, पूर्व नपा उपाध्यक्ष समेत 4 लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ... » द खबरीलाल                  
छत्तीसगढ़ सरगुजा सियासत स्लाइडर

भाजपा को फिर झटका… कांग्रेस में शामिल होने 250 से अधिक समर्थकों के साथ पहुंचे थे बीजेपी नेता, पूर्व नपा उपाध्यक्ष समेत 4 लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ…

कबीरधाम जिले में भाजपा को एक बार फिर तगड़ा झटका मिला है। सोमवार को भाजपा के पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष टेकसिंह जांगडे, ओबीसी महासभा की जिला अध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, नपा के वार्ड-27 के पूर्व पार्षद उदित झारिया और पूर्व भाजपा पार्षद प्रत्याशी रोहित जांगडे ने कांग्रेस में प्रवेश किया कर लिया है। ये भाजपा नेता अपने 250 से 300 समर्थकों के साथ कवर्धा पहुंचे थे।

कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने इन सभी को तिरंगा गमछा पहनाकर स्वागत किया। पार्टी में प्रवेश बाद इन नेताओं ने एक सुर में कहा कि वे राज्य सरकार के कार्यों से प्रभावित हुए हैं। पूर्व नपा उपाध्यक्ष टेकसिंह जांगडे ने कहा कि वे कवर्धा विधायक के काम से बेहद प्रभावित हैं। आरोप लगाते हुए कहा कि बीते 15 साल में भाजपा शासनकाल के दौरान मिनीमाता चौक के पास कवर्धा-जबलपुर हाइवे पर पुल नहीं बन सका।

लेकिन कांग्रेस सरकार आने के बाद इस पुल का निर्माण पूरा किया गया है। ओबीसी महासभा की जिलाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर ने कहा कि वे मंत्री अकबर के कार्य से प्रभावित हुई हैं। इस दौरान कवर्धा नपाध्यक्ष ऋर्षि शर्मा, नीलकंठ चंद्रवंशी, सुनील साहू, आकाश केशरवानी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

मंत्री अकबर ने कहा- अभी कई लोग हमारे संपर्क में हैं
कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेताओं का लगातार कांग्रेस प्रवेश से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। रविवार को भाजपा सांसद संतोष पांडेय के चचेरे भाई विजय पांडेय ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में प्रवेश कर लिया। आनन-फानन में सांसद संतोष पांडेय को कवर्धा में देर शाम प्रेसवार्ता लेना पड़ गया था। कैबिनेट मंत्री अकबर ने कहा कि राज्य सरकार के काम को देखकर लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। आने वाले दिनों में और भी लोग कांग्रेस में जुड़ेगे। अभी हमारे संपर्क में कई लोग हैं, जिसे कांग्रेस में प्रवेश देंगे।

22 व 24 को कवर्धा दौरे पर रहेंगे सीएम भूपेश बघेल
कुकदूर| कवर्धा पहुंचे मंत्री अकबर ने इसी हफ्ते जिले में होने वाले सीएम के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम को लेकर जानकारी साझा की। कबीरधाम जिले में 22 व 24 सितंबर को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कार्यक्रम होना है। वे 22 सितंबर को कुकदूर और 24 सितंबर को ग्राम इंदौरी व सहसपुर लोहारा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। 22 सितंबर को कुकदूर में होने वाले कार्यक्रम के लिए कलेक्टर व एसपी ने स्थल चयन किया। ग्राम कुई के प्राथमिक स्कूल के पास निजी भूमि को हैलीपेड के लिए स्थल चयन किया है।