Breaking Newsछत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

अंबिकापुर में अमित शाह ने भरी हुंकार : जीत ही काफी नहीं, प्रचंड जीत के साथ कांग्रेस को उखाड़ फेंकना हमारा लक्ष्य

राज्य सरकार ने की गांव, गरीब, किसान की चिंता : मुख्यमंत्री
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में इस बार न केवल चौथी बार भाजपा की सरकार बनानी है, बल्कि प्रचंड विजय के साथ छत्तीसगढ़ से कांग्रेस को पूरी तरह से उखाड़ फेंकना है। देश की राजनीति में ऐसी कोई भी पार्टी नहीं है जो चुनाव आने पर जनता के समक्ष जाकर अपने कामकाज का हिसाब-किताब दे। यह केवल भाजपा ही कर सकती है, और रमन सिंह की सरकार कर सकती है। रमन सिंह की सरकार ने चुनाव के पूर्व अपने कामकाज का हिसाब देने विकास यात्रा निकाली है और जनता को अपने कामकाज का हिसाब दिया है।



उक्त बातें आज अंबिकापुर में आयोजित विकास यात्रा में शामिल होने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कही। श्री शाह ने कहा कि आज अंबिकापुर में जुटी इतनी अधिक भीड़ देखकर यह स्पष्ट है कि इस बार भी छत्तीसगढ़ में भाजपा ही जीतेगी। उन्होंने आम जनता और कार्यकर्ताओं का आव्हान करते हुए कहा कि इस बार केवल जीत से काम नहीं चलेगा। बल्कि प्रचंड विजय के साथ छत्तीसगढ़ से कांग्रेस को भी उखाड़ फेंकना है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने इतने सालों में कोई काम ऐसा नहीं किया कि भाजपा के कार्यकर्ताओ को सिर झुकाना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार को इतना आशीर्वाद मिला कि आज छत्तीसगढ़ के हर घर में खुशहाली पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि विकास यात्रा के 18 दिनों में 50 से ज्यादा विधानसभा क्षेत्रों में तथा 4 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर सरकार के मुखिया ने अपने कामकाज का हिसाब जनता के सामने रखा है।

राहुल पर साधा निशाना :

अमित शाह ने कहा कि वे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का भाषण सुन रहे थे, जिसमें वे केन्द्र सरकार से चार साल का हिसाब पूछ रहे थे। श्री शाह ने कहा कि देश में उनके परिवार ने 55 सालों तक राज किया। हिसाब से उन्हें देश की जनता को देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता चार सालों का नहीं, बल्कि चार पीढिय़ों का हिसाब मांग रही है। उन्होने कहा कि देश ने 55 सालों में विकास क्यों नहीं किया?



देश के 30 करोड़ परिवारों का बैंक एकाउंट क्यों नहीं खुला? पिछले 70 सालों में 10 करोड़ परिवार जिनके पास गैस कनेक्शन नहीं था, कांग्रेस ने क्यों नहीं दिया? करोड़ों परिवार के घरों में शौचालय नहीं था, कांग्रेस ने क्यों नहीं बनवा दिया? जहां बिजली नहीं थी, ऐसे 19 हजार गांवों में बिजली क्यों नहीं पहुंचाई? यह सब काम मोदी जी के शासनकाल में केवल 4 साल में हो गया, हम जनता को बताएंगे और अपने काम का हिसाब भी देंगे।

श्री शाह ने कहा कि वर्ष 2022 तक देश के गरीबों के अपने आशियाने का सपना हम पूरा करने वाले हैं। देश में 1 करोड़ परिवारों को घर की सौगात भाजपा की सरकार देने वाली है। 2022 तक हर घर तक बिजली पहुंचाने का काम भाजपा सरकार कर रही है। मोदी जी की सरकार ने हर 15 दिनों में देश के गरीबों, किसानों के लिए एक नई योजना बनाई। ऐसे 116 योजनाओं की सूची उनके पास हैं, कांग्रेस ने ऐसी सूची क्यों नहीं बनाई? उन्होंने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग विकास यात्रा का नहीं बल्कि विकास का विरोध कर रहे हैं।

कांग्रेस के शासनकाल में अंतिम बजट 9 हजार करोड़ का था। मुख्यमत्री बनते ही डा. रमन सिंह ने उसे 83 हजार 169 करोड़ का किया है। राज्य में विद्युत उत्पादन बढ़ाया, 4 हजार मेगावाट को बढ़ाकर 22 हजार मेगावाट किया। छत्तीसगढ़ को जीरो पावर कट, और सरप्लस राज्य बनाने में भाजपा सरकार ने काम किया। कांग्रेस के शासनकाल में राज्य के अंदर केवल 70 प्रतिशत इलाकों तक बिजली पहुंची थी, आज प्रदेश का 98 प्रतिशत इलाका बिजली कनेक्शन से जुड़ गया है।



कृषकों के पास केवल 72 हजार विद्युत पंप थे, रमन सिंह की सरकार ने लाखों कृषकों तक पंप पहुंचाने का काम किया है। छत्तीसगढ़ पहले धान का कटोरा था, कांग्रेस के शासनकाल में यहां 65 लाख मेट्रिक टन धान उत्पादन होता था, रमन सिंह की सरकार ने इसे बढ़ाकर आज 1 करोड़ 3 लाख मेट्रिक टन किया है। राज्य में केवल दो मेडिकल कालेज थी, आज 10 हो गए हैं। पूर्व में एमबीबीएस की केवल 100 सीटें थी, आज 1100 सीट हो चुकी है। आज राज्य में 26 जिला अस्पताल गरीबों की सेवा में कार्यरत है।

मोदी ने दुनिया में बढ़ाया देश का मान :

श्री शाह ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है। कांग्रेस के शासनकाल में पाकिस्तान आए दिन हमले करता था। ऊरी में हुए हमले और 12 सैनिकों की शहादत ने जहां पूरे देश को झकझोर दिया था। मोदी सरकार में देश के वीर सैनिकों ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक का देश के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया।

भ्रमित करते हैं कांग्रेस के लोग :



श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस के लोग झूठ बोलने और जनता को भ्रमित करने का काम करते हैं। झूठ फैलाया गया कि आरक्षण, एससी एसटी एक्ट में बदलाव होगा, आरक्षण समाप्त होगा। मगर ऐसा नहीं होगा भाजपा के शासनकाल में तो ऐसा बिल्कुल नहीं होगा। उन्होने कहा कि देश में नक्सलवाद का मुंहतोड़ जवाब देने का काम केवल छत्तीसगढ़ में हुआ है। इसलिए वे जनता से आव्हान करते हैं कि अच्दा काम करने वाले भाजपा सरकार की एक बार फिर से सरकार बनाएं।

यह भी देखें : हमारी सरकार नारे नहीं लगाती, काम करती है, अंबिकापुर के विपक्षी जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना (Amit Shah Ambikapur)

Back to top button
close