दुर्ग जिले के उरला गांव में 9वीं की छात्रा की मौत के बाद मातम पसरा है। कुम्हारी थाना के पास हुए सड़क हादसे में छात्रा की मौत का बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब पुलिस ने इस मामले में 14 नामजद सहित 54 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत FIR दर्ज किया है। जिसके बाद से ग्रामीणों में और आक्रोश बढ़ गया है। उनका आरोप है कि कोई नेता मंत्री उनकी सुध लेने नहीं आया। उन्हें न्याय दिलाने की जगह उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।
54 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
मिक्सर मशीन चलाने वाला गांगोली डांगा कुम्हारी थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने कहा है कि, मशीन रायल इंफ्रा कंपनी उरला के लिए चला रहा था। उसने शिकायत में बताया कि 18 अगस्त को सुबह 11.30 बजे उसके ट्रक में कुचलने से खुशी की मौत हो गई थी। इसके बाद उरला गांव के लोगों ने उसे पकड़कर पेड़ से बांध दिया और उसे बुरी तरह पीटा। यदि उसे समय पर नहीं छुड़ाया जाता तो लोग उसे मार डालते। लोगों के मारने से हसमद के बाईं आंख, सिर, गर्दन व हाथ पैर में चोटें आई हैं। उसकी शिकायत पर कुम्हारी पुलिस ने 54 लोगों के खिलाफ धारा 294, 506, 323, 147, 307,149 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कंपनी के दूसरे ड्राइवरों ने बचाई जान
मशीन चालक हसमद शेख का आरोप है कि दुर्घटना के बाद करीब 54 लोग एक साथ उसके पास पहुंचे। उसे पकड़कर पेड़ से बांध दिया। इसके बाद वह लोग लाठी डंडे व लात घूंसे से उसे मारने लगे। यह देख कंपनी के दूसरे वाहन चालक शंकर लाल यादव, नुरशेद आलम, टिका बहादुर राय और संतोष जांगड़े वहां पहुंचे। उन्होंने हसमद को उन लोगों से बचाया, नहीं तो वो लोग उसकी जान ले सकते थे।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज की गई नामजद FIR
कुम्हारी पुलिस ने मिक्सर मशीन चालक की शिकायत पर उरला गांव निवासी अनिल साहू, लोकेश साहू, सोहन लाल साहू, चंद्रप्रकाश साहू, गिरवर साहू, अनिल वर्मा, सोहन साहू, सोमनाथ वर्मा, डिकेन्द्र निर्मलकर, विष्णु देवांगन, पन्ना साहू, संतोष वर्मा, होरी वर्मा, व उमेश साहू सहित 14 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज किया है।
गृहमंत्री ने छात्रा के निधन पर प्रकट किया दुख
इधर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे में कुम्हारी के पास हुए सड़क हादसे में छात्रा खुशी साहू के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। गृहमंत्री ने दिवंगत छात्रा खुशी साहू के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
मिक्सर मशीन की चपेट में आने से छात्रा की हुई थी मौत
जंजगिरी पेट्रोल पंप के पास गुरुवार दोपहर 12 बजे फ्लाई ओवर ब्रिज बना रही कंपनी की कंक्रीट मिक्सर मशीन ने 9वीं की छात्रा खुशी साहू (15 साल) को कुचल दिया था। खुशी अपनी सहेली के साथ घर से स्कूल जाने के लिए साइकिल से निकली थी। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया था। लोग 40 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। इस तरह लगभग 9 घंटे तक नेशनल हाईवे में जाम लगा रहा। इसके बाद 5 लाख रुपए मुआवजा देने की बात पर जाम खोला गया था।
Add Comment