नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद शुक्रवार को पहली बार नारायण चंदेल जांजगीर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजस्थान और छत्तीसगढ़ में अंतिम सांस गिन रही है। 2023 चुनाव के बाद देश के राजनीतिक नक्शे से कांग्रेस समाप्त हो जाएगी। पहली बार जांजगीर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जमकर स्वागत किया। परिजनों ने आरती उतारकर उनका अभिवादन किया है।
जांजगीर से बीजेपी विधायक नारायण चंदेल को कुछ दिन पहले ही नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी मिली है। जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार वो शुक्रवार को जांजगीर-नैला अपने निवास पहुंचे। इस दौरान उनका जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया है। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और मिठाईयां बांटी।
यहां पहुंचने के बाद चंदेल ने पत्रकारों से बात की। चंदेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल है। इस सरकार की नीति और नियत दोनों खराब है, इस सरकार के पास कोई विजन डॉक्यूमेंट नहीं है। प्रशासन का राजनीतिकरण हो रहा है और राजनीति का अपराधीकरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि 36 बिंदु पर चुनाव के समय कांग्रेस ने जनघोषणा पत्र जारी किया था। उनमें से एक को भी पूरा नहीं किया गया। हम इस कांग्रेस की सरकार को घेरेंगे, सड़क से लेकर सदन तक की लड़ाई लड़ेंगे। हम ग्राम सभा से लेकर विधानसभा तक की लड़ाई लड़ेंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी टीम वर्क के साथ मैदान में उतरेगी। हम आने वाले विधानसभा चुनाव 2023 में छत्तीसगढ़ में कमल खिलाएंगे। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएंगे। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उनकी पंक्तियों को दोहराया और कहा कि “अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में एक डूबता हुआ जहाज है। सिर्फ 02 राज्य राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस अंतिम सांस गिन रही है। लेकिन आने वाले 2023 के चुनाव में इस देश के राजनीतिक नक्शे से कांग्रेस समाप्त हो जाएगा। कांग्रेस अंतर कलह से जूझ रही है। कांग्रेस ने अपना जमीन खो दिया है।
Add Comment