मौसम विभाग ने रविवार के लिए पांच जिलों के लिए रेड और 14 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी भारी और अति भारी वर्षा को देखते हुए सभी कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और नगरीय निकायों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने नदी-नालों पर लगातार नजर रखने को कहा है।
बीजापुर में लगातार बारिश से जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे बंद हो गया है। संभाग की नदियां उफान पर होने के कारण कई मार्ग बाधित हो गए हैं। जशपुर में बारिश के चलते कच्चा मकान गिर जाने के कारण मलबे में दबने से वृद्धा की मौत हो गई, वहीं युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। कवर्धा में खेती का काम करने के बाद हाथ धोने के लिए नाले में गई एक वृद्धा सहित चार वर्ष की उनकी पोती बह गए। बाद में पोती का शव पानी में बहते पाया गया। हालांकि वृद्धा के विषय में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
इधर, मौसम विभाग ने राजनांदगांव, बालोद, कांकेर, नारायणपुर व बीजापुर जिले के लिए रेड अलर्ट व कबीरधाम, बेमेतरा, बलौदाबाजार, जांजगीर, रायगढ़, महासमुंद, रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा व सुकमा के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। आज दिन भर राजधानी सहित प्रदेश के कई भागों में तेज वर्षा हुई। राजधानी में आज कई दर्जन कालोनियों में पानी भर गया। इस वर्षा से नगर निगम की भी पोल खुल गई।
Add Comment