मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता को सिर्फ देने का काम करती है। हमने धान का 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल किसानों को दिया, भूमिहीन कृषि मजदूरों को 7000 रुपए आर्थिक सहायता दी, किसानों का कर्ज माफ किया जबकि इसके उलट भारतीय जनता पार्टी लोगों को सिर्फ लूटने का काम करती है। आज पेट्रोल ,डीजल, रसोई गैस की कीमत बढ़ाकर भाजपा ने लोगों की जेब में डाका डाला है।
राजीव भवन में ओबीसी कांग्रेस की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बातें कहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने जन सरोकार एवं जन भावनाओं को ध्यान में रखकर व्यक्ति के विकास के लिए काम किया है। कांग्रेस सरकार सिर्फ एक वर्ग के लिए नहीं बल्कि सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर काम करती है।
कांग्रेस सरकार सभी को एक नजर से देखती है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने साढ़े तीन साल में किसानों को समृद्ध बनाया, व्यापारियों के लिए उपयुक्त वातावरण तैयार किया। बैठक में थानेश्वर साहू, अमरजीत भगत, छाया वर्मा, महेंद्र चंद्राकर, संदीप साहू, राम पटेल, नचिकेता जयसवाल,सुरेश यादव, लक्ष्मी साहू, नरेंद्र राय, जेपी वर्मा, प्रवेश पटवा, दीपक सिन्हा, अनिल कुशवाहा, महंत यादव, शिव नारायण, लाल साहू, रविशंकर रजवाड़े समेत सभी जिलाध्यक्ष मौजूद थे।
आरएसएस व भाजपा से सचेत रहना जरूरी : यादव ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि भूपेश बघेल ने कवांटिफायेबल डाटा आयोग का गठन कर पिछड़ा वर्ग समुदाय की गिनती शुरू करवाई है। वहीं दूसरी ओर पीएम मोदी अपने आप को पिछड़ा बताकर सिर्फ वोट मांगने का काम करते हैं।
संगठन चुनाव के लिए शहर के सभी ब्लॉकों की बैठक पूरी
शहर के डीआरओ लल्लन कुमार ने सभी ब्लॉकों में सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने का आग्रह किया है। जहां सर्वसम्मति नहीं बनेगा वहीं चुनाव कराए जाएंगे। शहर प्रवक्ता बंशी कन्नौजे ने बताया कि डीआरओ एवं बीआरओ ने सभी ब्लॉकों में कार्यकर्ताओं से सुझाव भी मांगे। शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही संगठन एवं पार्टी मजबूत होती है।
संगठन की सक्रियता से ही मजबूत होगी कांग्रेस: पुनिया
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने रविवार को सभी मोर्चा,प्रकोष्ठ और विभागों के अध्यक्षों की बैठक ली। उन्होंने बैठक में सभी पदाधिकारियों से कहा कि संगठन के पदाधिकारियों की सक्रियता से ही कांग्रेस पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक संगठन है और आप सभी इस संगठन के हाथ पैर आप हैं। अगली बैठक में सभी और बेहतर परफार्मेंस की रिपोर्ट के साथ आयें।
पुनिया ने कहा कि सभी पदाधिकारी बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करें। मूल संगठन से तालमेल रखे। आगामी 9 से 14 अगस्त तक आजादी की 75वीं वर्षगांठ में होने वाली पदयात्रा में सभी शामिल हों तथा ईडी दफ्तर घेराव में सभी की उपस्थिति होनी चाहिये। इससे पहले सभी अध्यक्षों ने अपने संगठन की कार्यप्रणाली, मासिक बैठक, पिछले माह के कार्यक्रम और आगामी माह की कार्ययोजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
Add Comment