क्या कोई एक साल में 127 बार तोड़ सकता है सिग्नल, शायद नहीं पर… ऐसा हुआ है… जानें कहां….

आजकल ट्रैफिक सिग्नल तोडऩा आम बात हो गया है। पर क्या आपको यकीन होगा कि तेलांगाना के एक शख्स ने एक, दो नहीं सालभर में पूरे 127 बार सिग्नल तोड़ा है। वो पकड़ा तो नहीं गया है पर उसके घर ई-चालान पहुंचता रहा है। लेकिन इस शख्स ने एक बार भी चालान नहीं भरा। आपको बता दें कि उसका चालान लगभग 1.83 लाख तक पहुंच गया है।
तेलंगाना के कार चालक के इस अनूठे केस में पुलिस भी हैरान है कि कोई व्यक्ति इतने समय तक ट्रैफिक नियम तोड़ते रहने के बाद भी लगातार कैसे बचता रहा। सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की होंडा जैज कार राज्य हाईवे और अन्य कई सड़कों पर बार-बार तय रफ्तार से तेज गुजरती दिखाई दे रही है। हर बार व्यक्ति का ई-चालान उसके घर पहुंचा, लेकिन एक बार भी चालान भरा नहीं। इस कार चालक ने 1 साल में 127 बार ट्रैफिक नियम तोड़े। हर बार उस पर 1435 रुपए का जुर्माना लगाया गया। अब साल भर में उसके जुर्माने की राशि 1.83 लाख रुपए तक पहुंच गई है। तेलंगाना स्टेट ई-चालान पोर्टल के मुताबिक- 4 अप्रैल 2017 से 10 मार्च 2018 के बीच तेलंगाना के आउटर रिंग रोड (ओआरआर), नारसिंगी, हर्षागुडा और हिमायत सागर क्षेत्रों में ये कार तय से ज्यादा रफ्तार में गुजरती दिखी।
इस दौरान कार कुल 127 बार ओवरस्पीडिंग करती हुई पाई गई। ओआरआर पर स्पीड लिमिट पहले 120 किमी प्रतिघंटा थी। पर इस रफ्तार में भी कई हादसे होने लगे। इसके बाद कुछ समय पहले स्पीड लिमिट घटाकर 100 किमी कर दी गई। सायबराबाद ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए 6 मोबाइल पेट्रोल टीम बनाई है और 5 स्पीड गन्स भी लगा रखी हैं। इसके बाद भी इस तरह के मामले आते हैं, तो सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस विभाग ने साफ कर दिया है कि अब ये गाड़ी जहां दिखेगी, वहीं चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रोड सेफ्टी विशेषज्ञ विनोद कुमार कहते हैं- किसी एक व्यक्ति के 1 साल में 127 चालान कटना बहुत बड़ी बात है। इस तरह की हरकत मुख्य तौर पर वो लोग करते हैं जो वाहन मालिक नहीं बल्कि चालक हैं।